*पत्नी की हत्या करके भाग गया था हत्यारा पति, पुलिस की कई टीमेंबजर रही थीं घेराबंदी*
औरैया
जनपद के थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पट्टी ज्ञानी में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को बेला पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो अंगौछे भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती प्रेसवार्ता में बताया कि विगत चार सितंबर को ग्राम पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उनके दामाद प्रमोद कुमार ने उनकी 35 वर्षीय पुत्री रेखा की अंगौछे से गला, मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी है। हत्या के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर चाबी अपने ससुर को देकर मौके से फरार हो गया था।
सूचना मिलते ही बेला पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर थाना बेला में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस के मुताबिक आठ सितंबर की रात तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर पर चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भदौरा मोड़ के पास करीब आठ बजे घेराबंदी कर आरोपी प्रमोद कुमार पुत्र रामनारायण को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से अचनकापुर, थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज का निवासी है और वर्तमान में पट्टी ज्ञानी याकूबपुर, थाना बेला में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी रेखा से वर्ष 2015 में हुई थी। दोनों के तीन बेटे हैं। रेखा अपने पिता की इकलौती बेटी थी और उसके नाम करीब तीन बीघा जमीन तथा एक प्लॉट था। आरोपी अपने परिवार के साथ ससुराल में ही रहता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी को पत्नी के नाम दर्ज जमीन और प्लॉट के हाथ से निकलने का भी डर था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास भी किया था।
चार सितंबर को जन्माष्टमी के दिन इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अंगौछे से रेखा का गला, मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में बच्चे या परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
वारदात के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और अपने ससुर तेजराम के पास पहुंचकर पत्नी की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद उसने कमरे की चाबी ससुर को सौंप दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे दो अंगौछे बरामद किए हैं।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know