औरैया 18 सितंबर 2022- 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2022 तक मनाए जाने वाले सेवा दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद में सांसद प्रो. डॉ. रामशंकर कठेरिया जी ने पचास शैय्या अस्पताल पहुंचकर 18 सितंबर से चलने वाले छ: दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का फीता काटकर व बच्चों को पल्स पोलियो ड्राप पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने पचास शैय्या अस्पताल का निरीक्षण कर डॉक्टर, मरीजों से हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के जन्मदिवस को देखते हुए 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक सेवा दिवस पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इस पखवाड़े के अंतर्गत रक्तदान, स्वास्थ्य केम्प, ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण तथा आज के दिन पल्स पोलियो अभियान का शुरुआत कर कई योजनाओं से लोगों को जोड़कर सेवा कार्य किया जा रहा है।
इसके पश्चात सांसद जी ने सदर तहसील सभागार पहुंचकर तहसील परिसर में लगी माननीय नरेंद्र मोदी जी के चित्र प्रदर्शनी को देखते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी से सभी आम जनमानस को भी रूबरू होना चाहिए। साथ ही तहसील सभागार में उपस्थित बाढ़ से हुई फसल क्षति के पीड़ित किसानों को संबोधित करते हुए माननीय सांसद जी ने कहा कि यमुना नदी में आई बाढ़ से जनपद औरैया के दो तहसीलों के लगभग 14 गांव प्रभावित हुए हैं। यहां के प्रशासन के कठिन प्रयासों से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, परंतु बाढ़ से किसान भाइयों की जो फसल बर्बाद हुई है उसको दृष्टि दृष्टिगत रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने फसलों के नुकसान से उबरने के लिए सहायता राशि प्रदान की है। साथ ही सरकार द्वारा मुफ्त में फसल के लिए बीज दिए जाने की भी योजना लाई जा रही है।
इस मौके पर जिलाधिकारी प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव ने सभी किसान भाइयों को अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी जाने वाली फसल क्षति की सहायता राशि संबंधित किसान के सीधे खातों में भेजी जाएगी। लगभग 1034 किसानों को पंजीकृत कर इस सहायता राशि से जोड़ा गया है। आगे भी अभियान को लागू रखते हुए बचे हुए प्रभावित क्षेत्र के पीड़ित किसानों को चयनित कर इस योजना से जोड़कर सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके पश्चात सभागार में उपस्थित किसानों को सहायता राशि प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम मिश्रा, अजीतमल ब्लाक प्रमुख रजनीश पांडे, प्रदेश मंत्री भा ज यु मो सौरभ भूषण शर्मा, अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अर्चना श्रीवास्तव, उप जिला अधिकारी औरैया मनोज कुमार, उप जिलाधिकारी अजीतमल अखिलेश कुमार सिंह, सहित समस्त भाजपा कार्यकर्ता एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know