Top News

सपा नेता को पकड़ने के लिए इटावा पुलिस कचहरी में जाल बिछाये रही

उत्तर प्रदेश न्यूज21/ऑल इंडिया प्रेस एसोसिएशन
इटावा।जेल से छूटने के बाद हाईवे पर 100 गाड़ियों के साथ जुलूस निकालने के मामले में विवादों में घिरे 25 हजार के इनामी सपा नेता की गिरफ्तारी को पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। बावजूद इसके सपा नेता पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस को उसके कोर्ट में सरेंडर करने की संभावना थी इसके चलते सारा दिन पुलिस कचहरी परिसर से लेकर आने जाने वाले रास्तों में जाल बिछाये रही लेकिन वह नहीं आया।4 जून को जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद औरैया के जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव ने 5 जून को अपने समर्थकों के साथ गाड़ियों का काफिला लेकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में शासन स्तर से सख्ती की गई तो जिला पुलिस सतर्क हो गई और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई।

इस मामले में एसएसपी ने लापरवाही पर सीओ सिटी, दो इंस्पेक्टर, दो दरोगा व तीन सिपाहियों पर कार्रवाई सोमवार को कर दी थी। साथ ही उच्चाधिकारियों से निर्देश लेकर उसके ऊपर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया था। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में रात दिन जुटी हुई है, लेकिन पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी सपा नेता तक जिला पुलिस की टीमें नहीं पहुंच पा रहीं हैं। सपा नेता की तलाश में पुलिस ने सोमवार की रात से लेकर मंगलवार की सुबह तक औरैया, जालौन, भिंड, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, आगरा, एटा में कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। इधर पुलिस को उसके कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना भी मिली थी। इसलिए सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ के नेतृत्व में पुलिस की टीमें उसको गिरफ्तार करने के लिए कचहरी परिसर में तैनात रहीं। 15 पुलिस कर्मी सादे कपड़ों में भी उसको खोजते रहे, लेकिन शाम तक उसके न पहुंचने पर पुलिस मायूस होकर लौट गयी।एसएसपी डॉ.ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि गेंगस्टर सपा नेता धर्मेंद्र यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गयी हैं। पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश भी दे रही हैं। उसके बारे में पुलिस को कई सुराग मिले हैं, उसके आधार पर ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने