निजीकरण-बेरोजगारी के विरोध में भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन
नवनीत गुप्ता उत्तर प्रदेश न्यूज21/ऑल इंडिया प्रेस एसोशियेशन
औरैया। निजीकरण के विरोध में भीम आर्मी ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम रेखा एस चौहान को सौंपा।
गुरुवार को दोपहर तकरीबन 1:30 बजे काफी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट के बाहर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर भीम आर्मी के अध्यक्ष धीरेंद्र कबीर ने कहा कि संविधान में सभी को समान अधिकार दिया गया है। समाज के शोषित और वंचित समुदाय के लोगों को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
केंद्र की भाजपा सरकार कल्याणकारी अवधारणा को छोड़कर जातिवादी और पूंजीवादी व्यवस्था को थोप रही है, जिससे देश के कमजोर और वंचित वर्ग के लोग बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं। भीम आर्मी इसका हर स्तर पर विरोध करेगी। इसके अलावा सरकारी संस्थाओं, उपक्रमों, विभागों का निजीकरण रोकने, निजी क्षेत्रों में अनुसूचित जाति जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय आनुपातिक प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने आदि की मांगें उठाईं। इस मौके पर भीम आर्मी के जिला प्रभारी राजन गौतम, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र गौतम के अलावा मुन्ना खां, रवींद्र गौतम, अमित दोहरे, शशि गौतम, मुस्कीम बेगम, शबाना बेगम व संजू गौतम आदि मौजूद रहे।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know