Top News

औरैया में एसडीएम ने सदर बाजार में व्यापारियों से वसूला जुर्माना

औरैया में एसडीएम ने सदर बाजार में व्यापारियों से वसूला जुर्माना
नवनीत गुप्ता उत्तर प्रदेश न्यूज 21
औरैया:एसडीएम सदर ने सोमवार की शाम शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की। अचानक से बाजार पहुंचे एसडीएम रमेश यादव ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों के बाहर कूड़ा डालने पर हड़काया। व्यापारियों ने बाजार में पालिका द्वारा कूड़ादान न रखे जाने की शिकायत की तो तत्काल पांच सौ से एक हजार रुपये का चालान काट कर मौके पर वसूली कराई। एसडीएम की इस कार्रवाई से व्यापारी नेताओं में खासा आक्रोश व्याप्त है।

बाजार में एसडीएम सबसे पहले सूर्या बर्तन भंडार पर पहुंचे। दुकान संचालक हिमांशु अग्रवाल को प्रतिष्ठान के बाहर पड़े कूड़े को देख फटकार लगाई। इस पर हिमांशु ने कहा कि कूड़ादान न होने के कारण थोड़ा सा कूड़ा डाला है। उसे साफ करवा दिया जाएगा। इस पर एसडीएम ने तत्काल साथ में मौजूद पालिका कर्मियों से एक हजार रुपये का चालान कटवा दिया। इसी बात को लेकर व्यापारी व एसडीएम में थोड़ी नोंकझोक भी हुई। जिस पर एसडीएम ने तत्काल पुलिस फोर्स बुलाकर पहले व्यापारी को कोतवाली ले जाने को कहा लेकिन अचानक से पहुंचे व्यापारी नेता सुधीर पुरवार ने इसका विरोध जताते हुए इसे व्यापारियों का शोषण किए जाने की बात कही। तब जाकर एसडीएम ने उसे जुर्माना की राशि वसूलने के बाद छोड़ा।
इसी तरह से आनंद मेडिकल स्टोर पर पहुंचे एसडीएम ने नाले में दवाओं के डिब्बे पड़े देख मेडिकल संचालक का पांच सौ रुपये का चालान कटवाया। मेडिकल स्टोर संचालक आनंद ने इसे जिला प्रशासन द्वारा व्यापारियों का शोषण किए जाने की बात कही। बताया कि नालों की साफ-सफाई का काम पालिका प्रशासन का है न कि व्यापारी का। पालिका अपने कामों पर तो ध्यान दे नहीं रही है, बल्कि व्यापारियों को धमकाकर अधिकारी जबरन जुर्माना वसूल रहे हैं।
उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश बाजपेई ने साफ तौर पर जिला प्रशासन की इस कार्यवाही को व्यापारी विरोधी बताया। कहा कि पालिका को बाजार में कूड़ादान रखवाना चाहिए। जो उसके द्वारा नहीं किया गया। फिर भी व्यापारियों से इसको लेकर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। इस बीच एसडीएम ने पालिका व पुलिस के साथ गुमटी मोहाल, बजरिया, लेडीज मार्केट, संजय गेट के बाद गोशाला रोड पर व्यापारियों द्वारा प्रतिष्ठान के बाहर फेंके गए कूड़े को लेकर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की। इस अवसर पर ईओ नगर पालिका बलवीर सिंह, एसआई मनोज निगोतिया, जेई पीपी सिंह, जेई जलकल विकास चौहान के अलावा अन्य पालिका व पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم