■ *गुणवत्ता व समयबद्ध निर्माण पर दिया जोर*
शुभम बाबू
औरैया
जनपद के थाना फफूंद क्षेत्र के शेरपुर सरैया में निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन का जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी, प्रगति की समीक्षा की तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन भवनों, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य कार्यों का बारीकी से अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने कहा, "रिजर्व पुलिस लाइन का निर्माण निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। कार्यदायी संस्था प्रत्येक चरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए।"
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा, "आधुनिक सुविधाओं से युक्त रिजर्व पुलिस लाइन पुलिस बल की कार्यक्षमता और संसाधनों को सुदृढ़ करेगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि इसे शीघ्र जनपद पुलिस को समर्पित किया जा सके।"
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know