Top News

निकायों में मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए लगभग 369 आवेदन लंबित

उत्तर प्रदेश न्यूज21
औरैया। कोरोना महामारी के दौरान नगर निकायों से दो गुना मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग मात्र 149 लोगों की कोरोना से मौत मान रहा है। जबकि जनवरी से 18 मई 2021 तक 369 लोगों के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन पड़े हुए हैं। डेथ ऑडिट टीम इन आवेदनों के आधार पर कोरोना से मरने वालों का सत्यापन कर रही है। सत्यापन पूरा होने के बाद ही लंबित आवेदनों पर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
जिले में कोरोना काल के दौरान सामान्य स्थिति की मुकाबले दो गुना मृत्यु प्रमाण पत्र नगर निकायों से जारी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो जनवरी से 18 मई तक जिले भर में 149 लोगों की मौत बताई है।
जबकि जनवरी से 18 मई तक नगर निकायों में 369 लोगों ने मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रखा है। इनमें से 247 लोगों को प्रमाण पत्र भी जारी किए गए है। वहीं सभी नगर निकायों में 122 प्रमाण पत्र लंबित हैं। जारी होने वाले मृत्यु प्रमाण पत्रों की स्थिति पर नजर डालें तो स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में छेद ही छेद दिख रहे हैं। नवंबर-दिसंबर 2020 में प्रतिदिन चार-पांच मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते थे। लेकिन कोरोना काल में यह स्थिति दो गुना से ज्यादा हो गई है। इनमें तमाम लोग ऐसे है, जिन्हें कोरोना हुआ या फिर कई दिन बुखार की चपेट में आने के बाद मौत हो गई। फिलहाल जिनके प्रमाण पत्र लंबित है, उनका सत्यापन कराया जा रहा है।
जनवरी से लेकर 18 मई तक के आंकड़े
नगर निकाय का नाम जारी प्रमाण पत्र लंबित आवेदन
नगर पालिका परिषद औरैया 146 49
नगर पंचायत फफूंद 10 04
नगर पंचायत बिधूना --- 30
नगर पंचायत दिबियापुर 23 20
नगर पंचायत अजीतमल 26 17
नगर पंचायत अछल्दा 15 02
नगर पंचायत अटसू 27 ---
जिम्मेदार बोले

18 मई तक 149 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। डेथ ऑडिट टीम कोरोना से मरने वालों का पूरा सत्यापन करती है, जिसके बाद ही उनकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों से मरने वालों के रिकार्ड इसमें शामिल नहीं है।
-डॉ.अर्चना श्रीवास्तव, सीएमओ, औरैया

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم