बदलते मौसम में त्वचा का रखें खास ख्याल - डॉ. महेश
भारत में बहुत से लोग बदलते मौसम में त्वचा रोग से होते हैं ग्रसित
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन आते हैं 150 त्वचा रोगी
उत्तरप्रदेश न्यूज़ 21संवाददाता इटावा, 11 मार्च 2021पतझड़ के मौसम में हमारी त्वचा को ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है। भारत में बहुत से लोग बदलते मौसम में किसी न किसी प्रकार की त्वचा समस्या का सामना करते हैं। इसलिए त्वचा संक्रमण को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेकर दवा लें। यह कहना है डॉ भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ महेश चंद्रा का। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के बाद फरवरी 2021 से अब तक लगभग 2000 त्वचा रोगी ओपीडी में आकर इलाज करा चुके हैं।
डॉ चंद्रा बताते हैं कि त्वचा संबंधी रोग के पीछे कहीं न कहीं बदलती जीवन शैली भी जिम्मेदार है जिसमें धूम्रपान, तंबाकू ,शराब आदि भी त्वचा पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इससे हमारी त्वचा में नई कोशिकाओं का निर्माण नहीं हो पाता जिससे गंभीर त्वचा रोग होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं । उन्होंने बताया कि बदलता मौसम अपने साथ कई तरह के फंगल और बैक्टीरियल इंफेक्शन का खतरा बढ़ा देता है। इस मौसम में बदलाव से निपटने के लिए मुख्य रूप से तीन बातों का ध्यान रखना चाहिए, पहला- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और दूसरा शरीर पर माश्चराइजर लगाएं और चेहरे पर सनस्क्रीन लगाकर घर से निकलें । विशेष रूप से शारीरिक साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए और धूप से बचें व गर्मी में हल्के रंग के कपड़े पहने जाएं।
डॉ चंद्रा ने बताया की डॉ भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार से गुरुवार को ओपीडी में इस तरह के मरीजों को देखा जाता है। त्वचा रोग संबंधी रोगी आकर निशुल्क इलाज करवा सकते हैं। ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 150 मरीज आते हैं अपने इलाज के लिए जिसमें ज्यादातर फंगल इन्फेक्शन, स्केबीज (दाने वाली खुजली) और सन बर्न की सबसे ज्यादा मरीज होते हैं ।
संतुलित आहार लें और व्यायाम करें
डॉ चंद्रा ने कहा कि बदलती हुई जीवन शैली में आप व्यायाम व योगासन करें साथ ही संतुलित आहार लें | दिन में खूब पानी पिएं इससे आप अपनी त्वचा का ध्यान रख सकते हैं। इन समस्याओं से बचने के लिए कुछ घरेलू उपाय भी किए जा सकते हैं जैसे एलोवेरा का अधिक से अधिक प्रयोग करें क्योंकि यह त्वचा पर उत्पन्न होने वाले इन्फेक्शन के लिए लाभकारी है इसके अलावा घर पर बेसन दूध गुलाब जल का मिश्रण प्रयोग कर सकते हैं।
त्वचा संक्रमण होने पर विशेष ध्यान दें
• बिना डॉक्टर की परामर्श के दवा न लें क्योंकि बिना परामर्श दवा लेने पर समस्या बढ़ जाती है और इलाज मुश्किल हो जाता है।
• फंगल इंफेक्शन में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें पसीने से होने वाले संग फंगल इंफेक्शन से बचाव के लिए सुबह शाम नहाएं।।
• धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीम का प्रयोग करें, या चेहरा ढककर रखे।
• प्रतिदिन खूब पानी पियें।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know