उत्तर प्रदेश न्यूज21/ऑल इंडिया प्रेस एसोसिएशन
इटावा।भारत सरकार की महत्वकांक्षी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत)के अंतर्गत जनपद में 26 तारीख से निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भगवान दास ने बताया हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं की जनपद वासी इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ लें। उन्होंने बताया 2011 की जनगणना के आधार पर गोल्डन कार्ड बनाने की सूची तैयार की गई थी।उस सूची में न तो नया नाम जुड़ सकता है न ही नाम हटाया जा सकता है। सूची में जिसका नाम है उन सभी लोगों का निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा,और जब नए लोगों का नाम जोड़ने का शासन की तरफ से आदेश या कोई योजना आएगी तो सभी को अवगत कराया जाएगा।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ यतेंद्र राजपूत ने बताया 26 जुलाई से 9 अगस्त तक "आयुष्मान आपके द्वार" अभियान चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत लक्षित परिवारों को योजना के प्रति जागरूक कर आयुष्मान कार्ड कैंप तक लाने और अधिकतम पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ आशीष तिवारी ने बताया जनपद स्तर पर 8 ब्लॉकों में प्रति ब्लॉक 5 कैंप लगाए जाएंगे। इटावा शहर में चार कैंप प्रतिदिन लगेंगे। प्रत्येक नगर पंचायत स्तर पर एक कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लोगों तक लाभ पहुंचे इसके लिए जनपद स्तर पर पंचायती राज विभाग, ग्राम विकास विभाग, आईसीडीएस विभाग तथा ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधानों, ग्राम सचिवों का सहयोग लिया जाएगा,और प्रयास किया जाएगा जनपद में जिन लोगों के नाम सूची में है सभी लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनवाया जा सके। इन कैंपों में आशा व आंगनबाड़ी द्वारा घर-घर सर्वे कर लाभार्थियों को चिन्हित किया जाएगा जिनका कार्ड अभी नहीं बना है।इनकी सहायता से लाभार्थियों को कैंप तक लाकर उनका कार्ड बनवाने पर प्रोत्साहन राशि के रूप में आशा बहू और आयुष्मान मित्रों को परिवार के प्रथम कार्ड पर ₹5 अन्य कार्ड पर ₹10 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
डॉ आशीष तिवारी ने बताया जनपद में कुल 1,28,940 लाभार्थी परिवारों के सापेक्ष अभी तक 1,30,499 गोल्डन कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज
*मूल राशन कार्ड या परिवार रजिस्टर की नकल
* मूल आधार कार्ड व वोटर आईडी कार्ड
* प्रधानमंत्री का मूल पत्र अगर प्राप्त हुआ हो
* मुख्यमंत्री का मूल पत्र अगर प्राप्त हुआ हो तो।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know