सहायल का नहाने गया बालक अरिंद नदी में डूबा, पांच घंटे बाद मिला शव
सहायल (औरैया)। दोस्तों के साथ नहाते समय एक बालक अरिंद नदी में डूब गया। गोताखोरों की मदद से पांच घंटे बाद बालक के शव को बाहर निकाला जा सका।
कस्बा सहायल निवासी शिव कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का गुजर बसर करते हैं। उनके तीन पुत्र है। रविवार की दोपहर शिव कुमार का तीसरे नंबर का पुत्र जीतेश (16) कस्बे के ही कुछ साथियों के साथ अरिंद नदी में नहाने गया था। साथियों के साथ नदी में अठखेलिया करते समय वह तेज बहाव की वजह से नदी में डूब गया। काफी देर तक जीतेश को पानी से बाहर न निकलते देख उसके साथियों ने इसकी जानकारी कस्बे के लोगों और जीतेश के परिजनों को दी।
देखते-देखते ही नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गांव में रहने वाले कई गोताखोर नदी में डूबे जीतेश के शव की तलाश में कूदे। इस बीच ग्रामीणों की सूचना पर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीण गोताखोरों ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद जीतेश को बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जीतेश कस्बा स्थित श्याम सखी इंटर कालेज में पढ़ाई करता था। इस वर्ष उसने हाईस्कूल की परीक्षा पास कर 11वीं में प्रवेश लिया था। थाना प्रभारी ब्रजेश भार्गव ने बताया कि मृतक बालक के साथ उसके सात साथी भी नदी में स्नान कर रहे थे, जिन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। बालक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know