Top News

*सुदिति ग्लोबल एकेडमी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस*


■ छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों से राष्ट्रप्रेम और देश की गौरवशाली परंपरा को जीवंत हुई
घनश्याम सिंह
औरैया
सुदिति ग्लोबल एकेडमी, औरैया में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास से ओत-प्रोत वातावरण में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या  कंचन लता तिवारी द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स द्वारा शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्रप्रेम और देश की गौरवशाली परंपरा को जीवंत कर दिया।समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा ‘वतन याद रहेगा’ गीत पर मनमोहक नृत्य, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, पिरामिड प्रदर्शन, एकल गीत तथा समूह नृत्य जैसी शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास कार्यक्रम के विशेष आकर्षण रहे।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कंचन लता तिवारी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रप्रेम को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनके भीतर ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।समारोह के दौरान पदभार ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें मुख्य छात्र, मुख्य छात्रा, उप मुख्य छात्र एवं छात्रा, अनुशासन प्रमुख, खेल कप्तान, सदन कप्तान, उप कप्तान एवं छात्र प्रतिनिधियों को उनके दायित्व सौंपे गए। विद्यार्थियों ने अपने पद एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या  कंचन लता तिवारी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल राष्ट्रगान और ध्वजारोहण तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने में है।अंत में सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने