Top News

पोषण व परिवार नियोजन पर भी रहा जोर,प्रसव पूर्व और बाद में देय सुविधाएं भी बताई

उत्तर प्रदेश न्यूज21/ऑल इंडिया प्रेस एसोसिएशन

●प्रसव पूर्व और बाद में देय सुविधाएं भी बताई
कानपुर नगर।मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और गर्भवती को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से जिला महिला अस्पताल सहित स्वास्थ्य इकाइयों पर बुधवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएसए) दिवस मनाया गया । इसके तहत गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) की पहचान, पोषण, परिवार नियोजन तथा प्रसव स्थान के चयन के बारे में काउंसलिंग की गई। इसके साथ ही कोविड-19 से बचाव के लिये जारी किए गए प्रोटोकॉल का भी पालन किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ नेपाल सिंह ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के समय होने वाले खतरों से मातृ एवं शिशु को बचाने के लिए प्रसव पूर्व जांच बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि सतर्कता के साथ गर्भवती माँ को ख़ास होने का एहसास दिलाते हुए प्रत्येक नौ तारीख़ को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्रदान करने के लिए उन्हें निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जरूर लायें। निःशुल्क जाँचों और सेवाओं का अवसर न गंवाएं। 
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य ) डॉ एके सिंह का कहना है कि मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के जरिए परिवार नियोजन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। डॉ सिंह ने बताया कि हर माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती के लिये जांच शिविर लगाया जाता है।
इस दौरान जनपदीय मातृ स्वास्थ्य एवं शिशु स्वास्थ्य सलाहकार हरिशंकर मिश्रा एवं उप स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी राजेश यादव द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरसौल का निरीक्षण किया गया। हरिशंकर मिश्रा ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरसौल में करीब 41 गर्भवती की रक्त, यूरिन, ब्लड प्रेशर एवं  वजन इत्यादि की जांच हुई। जिनमें 2 गर्भवती को उच्च जोखिम की श्रेणी में रखा गया। उन्हें आयरन, कैल्शियम की गोलियों सहित आवश्यक दवाएं भी दी गईं। इसके साथ ही गर्भवती को कोविड-19 से बचाव के बारे में भी जानकारी  दी गई। उन्होंने कहा कि जिला महिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य इकाईयों में भी दूसरे व तीसरे त्रैमास की सभी गर्भवती की जाँच हुईं। 
पीएमएसएमए पर गर्भवती को मिलती हैं यह सुविधाएं
• समस्त गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच जैसे हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन जांच, ब्लड ग्रुप, एचआईवी, सिफलिस, वजन, ब्लड प्रेशर, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जांचे की जाती हैं।
• समस्त गर्भवती के गर्भ का द्वितीय एवं तृतीय त्रैमास में कम से कम एक बार स्त्री रोग विशेषज्ञ अथवा एलोपैथिक चिकित्सक की देख-रेख में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है।
• टिटनेस का टीका,आयरन व कैल्शियम सहित अन्य आवश्यक दवाएं दी जाती हैं।
• हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान,प्रबंधन एवं सुरक्षित संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित किया जाता है।
• पोषण,परिवार नियोजन तथा प्रसव स्थान के लिये काउंसलिंग भी की जाती है।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم