Top News

टीबी आरोग्य साथी ऐप' पर पाएं इलाज के बारे में पूरी जानकारी

उत्तर प्रदेश न्यूज21/ऑल इंडिया प्रेस एसोसिएशन

जनपद में जनवरी से अब तक मिले 1557 क्षय रोगी

इटावा।केंद्र सरकार का संकल्प वर्ष 2025 तक देश को टीबी यानि क्षय रोग मुक्त बनाना है,  इस संकल्प  को सफल बनाने और मरीजों की मुश्किलों को आसान करने के लिए टीबी आरोग्य साथी एप जारी किया गया है । इस एप्लीकेशन के माध्यम से मरीजों को अब घर बैठे ही सभी जानकारियां हासिल हो सकेंगी। रोगियों को अब अस्पताल के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके अलावा इलाज ही नहीं बल्कि शासन द्वारा जारी डीबीटी योजना (आर्थिक मदद) की सभी जानकारी हासिल हो सकेगी।
आरोग्य साथी एप के बारे में जिला क्षय रोग अधिकारी डा. बी एल संजय का कहना है  कि यह एक ऐसा प्लेटफार्म है जहां मरीजों को टीबी से संबंधित सभी जानकारियां हासिल हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति का इलाज चल रहा है वह भी इस एप्लीकेशन के माध्यम से अपने यूजर आइडी के द्वारा अपने ट्रीटमेंट को ट्रैक कर पाएगा। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत पंजीकृत रोगियों के लिए यह डिजिटल रिकार्ड तक पहुंचाने में भी पोर्टल की तरह काम करेगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य अगले चार साल में टीबी रोग के केस शून्य करना है। इसी को लेकर शासन द्वारा आए दिन इलाज को आसान करने के लिए नई योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिसमें  यह एप  मददगार साबित होगा। 
जिला समन्वयक  कंचन तिवारी ने बताया कि यह एप एक ऐसा माध्यम है जिसमें एक क्लिक करते ही टीबी परीक्षण और उपचार, विवरण, विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के तहत देय राशि का विवरण, स्वास्थ्य प्रदाता तक पहुंचने, उपचार या कोई अन्य जानकारी मिल सकती है | इसके अलावा जोखिम का आंकलन करने के लिए स्क्रीनिंग टूल ,पोषण संबंधी सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। 
उन्होंने बताया कि जिले में जनवरी 2021 से अब तक 1,557 टीबी रोगी पाये गये जिनका इलाज चल रहा है | विभाग ने कोरोना काल में भी मरीजों का इलाज बंद नहीं किया । सभी को समय समय पर सम्बंधित टीबी यूनिट से दवा दी जाती रही जिससे उनका इलाज प्रभावित न हो | उन्होंने कहा हम जनपद में क्षय रोगियों से अपील  करते हैं कि इस ऐप का प्रयोग करें और अपने आसपास के लोगों को इस ऐप के बारे में बताएं जिससे क्षय रोगियों को सही जानकारी और मार्गदर्शन मिलता रहे।
टीबी आरोग्य साथी एप मिलेंगी यह सुविधाएं.
- एप के माध्यम से रोगी को मिलेगी लक्षण की जानकारी
- टीबी के प्रभाव की जानकारी
- मरीज के पोषण की जानकारी
- ट्रीटमेंट ट्रैक कर सकते हैं
- शासन द्वारा जारी धनराशि की जानकरी

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने