Top News

*जमीन जायदाद में हुए फर्जीवाड़े को लेकर न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी युवती*



■ *घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा, एसडीएम-सीओ भी मौके पर पहुंचे*

■ *पीड़ित युवती के अनोखे विरोध प्रदर्शन से प्रशासन हुआ सक्रिय,डीएम, एसपी,एसडीएम, सीओ ने लिया संज्ञान,दोषियों पर गिरेगी गाज*
घनश्याम सिंह
समाचार संपादक
औरैया
 बेला कस्बे के मंडी रोड स्थित पानी की टंकी पर सोमवार दोपहर एक युवती के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती उसकी जमीन में हुए फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई,सूचना मिलने के बाद करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
युवती की पहचान रश्मि पुत्री स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह निवासी सिमरा पुरवा, थाना बेला, जनपद औरैया के रूप में बताई गई है। परिजनों के अनुसार, जमीन विवाद से जुड़े मामले में 30 जुलाई 2026 को कथित रूप से फर्जी तरीके से बैनामा कराए जाने का आरोप है। इसी मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर युवती सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार यादव व उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी समेत पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने का प्रयास किया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए युवती से नीचे उतरने की अपील की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बिधूना कमल कुमार सिंह और सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने भी युवती से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की लगातार समझाने के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। नीचे आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने युवती से जमीन विवाद और उसकी मांगों के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत की जानकारी जुटाने की बात कही।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी।
बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार यादव ने बताया कि युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। जमीन विवाद से संबंधित मामले में युवती से जानकारी ली गई है और शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने