Top News

*तबीयत बिगड़ने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; शिनाख्त में जुटी पुलिस*

 औरैया
  बेला कस्बे में कानपुर रोड स्थित एक मंदिर के पास सोमवार को करीब 65 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे एक बुजुर्ग मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसने पास में बने नाले में उल्टी कर दी। इसके बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई तथा उसे लगातार हिचकियां आने लगीं। आसपास मौजूद दुकानदारों ने उसे पानी पिलाया और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। इस दौरान दुकानदारों ने उसका नाम-पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. स्वास्तिका शर्मा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने थाना बेला पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए उसकी फोटो सोशल मीडिया पर साझा की, लेकिन देर तक कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद करीब 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली स्थित मोर्चरी भिजवा दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की शर्ट की जेब से दवा का एक पत्ता मिला है। वहीं उसकी शर्ट पर नीले पेन से "गौतम कानपुर देहात" लिखा हुआ था। मृतक के हाथ में एक लाठी और गले में अंगोछा भी मिला है, जिससे उसकी पहचान के सुराग तलाशे जा रहे हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात बुजुर्ग की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने