*देवी मंदिर से चोरों ने हजारों का सामान किया चोरी*
*औरैया।* शहर के अंदर चोरी की घटनाएं आम बात हो गई है। अभी कुछ दिनों पूर्व मोहल्ला नरायनपुर पुलिस चौकी के समीप एक मंदिर में तथा ब्लॉक गेट के समीप श्री विघ्न हरण हनुमान मंदिर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसका अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इसी कड़ी में स्थानीय जेसीज चौराहा के समीप स्थित श्री महामाया काली माता मंदिर में चोरों ने गुरुवार की रात मंदिर के ताले तोड़कर मंदिर के अंदर स्टोर रूम व दानपात्र का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने सामान के अलावा दानपात्र में रखी नकदी भी पार कर दी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस के अलावा सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। मामले की रिपोर्ट लिखाने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है।
जेसीज चौराहा के समीप मोहल्ला बनारसीदास क्षेत्र श्री महामाया काली माता मंदिर में चोरों ने गुरुवार की रात चैनल का ताला तोड़ दिया, और अंदर प्रवेश कर गये। इसके बाद चोरों ने मंदिर के अंदर बने स्टोररूम का ताला तोड़ने के साथ ही दानपात्र का भी ताला तोड़ दिया। चोरों ने स्टोर रूम से पीतल के घंटे , तांबे की मूर्तियां तथा देवी मां का त्रिशूल आदि चोरी कर लिया। इसके साथ ही चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। शुक्रवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी अशोक तिवारी भोर करीब साढे 4 बजे मंदिर पर पहुंचे, तभी उन्होंने ताले टूटे हुए देखें। जब अंदर जाकर देखा तो स्टोररूम व दान पात्र का भी ताला टूटा था। स्टोर का उपरोक्त सामान व दान पात्र की नकदी गायब थी। इसकी जानकारी उन्होंने पास पड़ोस के लोगों को दी। जिस पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मंदिर के पुजारी अशोक तिवारी ने चोरी होने की जानकारी लिखित रूप में कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर कोतवाली पुलिस एवं सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव मंदिर पर पहुंचे। उन्होंने चोरी का जायजा लिया, तथा घटना का अतिशीघ्र खुलासा करने का भरोसा दिलाया है। आपको बताते चलें कि विगत दिनों चोरों ने पुलिस चौकी नरायनपुर के समीप स्थित मंदिर में चोरों ने घंटे आदि चोरी कर लिए थे। इसके बाद चोरों ने स्थानीय ब्लाक गेट के समीप स्थित श्री विघ्नहरण हनुमान मंदिर के अलावा एक दुकान को भी निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसी क्रम में बीती रात चोरों ने कोतवाली से मात्र 200 मीटर की दूरी पर महामाया काली माता मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बढ़ रही चोरी की घटनाओं से जनता के लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त होता जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know