औरैया में रेहड़ी व पटरी दुकानदारों को नहीं मिला भरण पोषण योजना का लाभ
उत्तरप्रदेश न्यूज़21 टीम,औरैया
औरैया। संवाददाता
शासन की ओर से रेहड़ी व पटरी दुकानदारों के लिए चलाई जा रही भरण पोषण योजना का लाभ नगर पालिका क्षेत्र के किसी भी दुकानदार को नहीं मिला है। योजना का लाभ लेने के लिए 766 दुकानदारों ने आवेदन किया था। निगरानी समितियों के द्वारा जांच भी कराई जा चुकी है। शासन की ओर से कोरोना महामारी के दौरान श्रमिकों के अलावा नगर पालिका में पंजीकृत पटरी व रेहड़ी दुकानदारों, ई रिक्शा चालकों सहित सभी प्रकार के दुकानदारों के लिए भरण पोषण योजना की घोषणा की गई थी। जिसके तहत प्रत्येक पंजीकृत दुकानदार को 1000 रुपए भरण-पोषण भत्ता दिए जाने का ऐलान किया गया था। नगरपालिका में पंजीकृत कई रेहड़ी पटरी दुकानदारों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। शासन की ओर से जांच भी कराई जा चुकी है। बावजूद इसके अभी तक नगर पालिका क्षेत्र के एक भी दुकानदार को भरण-पोषण भत्ता नहीं मिला है। पालिका के कर्मचारी कमलेश बाबू ने बताया की नगर पालिका में विभिन्न प्रकार के करीब 2200 पटरी व रेहड़ी दुकानदार पंजीकृत हैं। इसमें से 766 लोगों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। शासन की ओर से 722 लोगों का आवेदन स्वीकार किया गया। जिसके लिए निगरानी समितियों के द्वारा जांच भी कराई गई। लेकिन अभी तक किसी को योजना के तहत 1000 रुपए की धनराशि उसके खाते में नहीं पहुंची है। जानकारी करने के लिए दुकानदार कार्यालय का चक्कर लगाते रहते हैं।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know