Top News

यमुना नदी के किनारे पुलिस टीम ने चार तस्करों को पकड़कर 67 कछुए बरामद किए,40 से 50 किलो है वजन

उत्तर प्रदेश न्यूज21

इटावा। पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम के हाथ शनिवार को बड़ी सफलता लगी है। सिविल लाइन थानांतर्गत पिलुआ महावीर मंदिर के पास यमुना नदी के किनारे पुलिस टीम ने चार तस्करों को पकड़कर 67 कछुए बरामद किए हैं। इन कछुओं को उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भेजे जाने की योजना थी।

वन क्षेत्राधिकारी व एसटीएफ प्रभारी सामाजिक वानिकी विवेकानंद दुबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि यमुना नदी के किनारे कछुओं को एकत्रित किया जा रहा है। इस आधार पर एसओजी प्रभारी सतीश यादव, थाना सिविल लाइन पुलिस व वन विभाग के बढ़पुरा रेंज के क्षेत्राधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी व उनके द्वारा संयुक्त रूप से छापा मारा गया।

टीम को 67 कछुए मिले हैं, जिसमें 62 ही जिंदा हैं। पांच कछुआ मृतावस्था में पाए गए। पकड़े गए तस्करों में जगदीश, सीटू, उदयवीर सिंह निवासी कोकपुरा थाना फ्रेंड्स कालेनी इटावा तथा सदानंद निवासी शक्तिफार्म थाना सितारगंज जिला ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड हैं।उन्होंने बताया कि जगदीश व सीटू पूर्व में भी कछुआ तस्करी में पिछले वर्ष पकड़े जा चुके हैं। सदानंद कछुओ का बड़ा तस्कर है, जो कछुए ले जाकर उत्तराखंड के रास्ते नेपाल सप्लाई करता था। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई, जिसमें सोसाइटी फाॅर नेचर आफ कंजर्वेशन राजीव चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

40 से 50 किलो वजन का है कछुआ

वन क्षेत्राधिकारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि पकड़े गए कछुओं में 55 सुंदरी प्रजाति, छह चित्रा प्रजाति व एक सोनिया प्रजाति के हैं। इनमें चित्रा प्रजाति के कछुओं में एक का वजन अकेले 40 से 50 किलो तक है। देखने में खूबसूरत लगते हैं और बाजार में इनकी अच्छी मांग भी है।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने