Top News

आरती बाजपेयी के समर्थन में एक विशाल जनसभा का आयोजन

ब्यूरो चीफ रोहित शर्मा मौरावां उन्नाव
बांगरमऊ उन्नाव 1 नवंबर 2020 ।। नगर के शांति मिल मैदान में आज कांग्रेस की प्रत्याशी आरती बाजपेयी के समर्थन में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें सभी कांग्रेसी नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी आरती बाजपेई को ऐतिहासिक मतों से जिताने की अपील की।
    मुख्य अतिथि वरिष्ठ कांग्रेस नेता व मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने शायरी के जरिए लोगों को खूब मनोरंजन कराया। उन्होंने पढ़ा कि, - "प्यार की छांव तक चले आए,आपके गांव तक चले आए। आपने प्यार से पुकारा था, हम भी उन्नाव तक चले आए।" उन्होंने बाद मे अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश का प्रमुख विपक्षी दल है। लेकिन उसने कभी विपक्ष की भूमिका नहीं निभाई। बल्कि कांग्रेस ने ही हमेशा विपक्ष की अहम भूमिका अदा की। भाजपा सरकार की गलत नीतियों व तानाशाही का विरोध सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी ने ही किया है। एनआरसी को लेकर शाहीन बाग दिल्ली व लखनऊ में जो हमारी तमाम मां- बहने अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठी थी, तब सपा व बसपा का कोई नेता वहां नहीं पहुंचा। सिर्फ कांग्रेस पार्टी ने ही आवाज बुलंद की और अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि हमने देश को अपने खून पसीने से सींचा है। इसलिए कोई भी ताकत हमे देश से जुदा नहीं कर सकती।
      कांग्रेस प्रत्याशी आरती बाजपेई के समर्थन में कहा कि उनके पूरे परिवार को आप सब जानते हैं। यह सरजमीन जियाउर्रहमान अंसारी,पंडित गोपीनाथ दीक्षित व पंडित विशंभर दयाल त्रिपाठी की है। इसीलिए यह एक ऐतिहासिक भूमि है। अगर हम सभी लोग बांगरमऊ की इस सीट को जीत लेंगे तो इसका संदेश पूरे प्रदेश व देश में जाएगा। क्योंकि आरती बाजपेई की जीत आप सब की जीत होगी। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है। भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस ही एक मात्र विकल्प है। इसलिए आप लोग गुमराह न हों और सभी लोग कांग्रेस प्रत्याशी को ही वोट करें। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि मैं आप सबके बीच एक संदेश लेकर आया हूं कि कांग्रेस प्रत्याशी आरती बाजपेई को ऐतिहासिक मतों से जीता कर एक नया इतिहास बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही लाठियां खाकर आपकी आवाज हमेशा उठाता रहा है।जब कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने सिर्फ लोगों को ठगने व जनता को गुमराह करने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह झूठ बोलने में माहिर हैं। उन्होंने सवाल किया कि 15 लाख देने का वादा किया गया था। वह वादा आखिर कब पूरा होगा। भाजपा के लोग सिर्फ जात-धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं। लेकिन कांग्रेस इंसानियत- मानवता व विकास के नाम पर वोट मांगती है। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष किया कि जुमलो से काम नहीं चलता है। देश चलाने के लिए योग्यता व अनुभव होना बहुत जरूरी है।
      इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी आरती बाजपेई, पूर्व आईएएस अनीस अंसारी, अल्ताफ जिया, जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जंग बहादुर सिंह, सुरेश कुशवाहा, आरटीआई चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, पूर्व विधायक संजीव दरयाबादी, शैलेंद्र कुमार शुक्ला, आराधना मिश्रा, विमल शुक्ला, सोनू त्रिवेदी,राजू सैनी सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।  कार्यक्रम का संचालन अनुभव शुक्ला ने किया।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने