श्रावस्ती: DPO प्रभात कुमार दास पर लगे वित्तीय गबन के आरोप-जांच समिति गठित
जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए समिति गठित
उत्तरप्रदेश न्यूज़ 21 संवाददाता श्रावस्ती। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में वित्तीय अनियमितताओं एवं शासकीय धन के संभावित दुरुपयोग के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्रावस्ती द्वारा जांच समिति गठित कर दी गई है। इस संबंध में कार्यालय जिलाधिकारी, श्रावस्ती की ओर से आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार शिकायतकर्ता प्रेम पाल पुत्र राजाराम निवासी सिरसिया, जनपद श्रावस्ती द्वारा प्रस्तुत शिकायती पत्र में बाल विकास विभाग में वित्तीय अनियमितताओं एवं सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच समिति में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उप जिलाधिकारी श्रावस्ती को नामित किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि जांच के दौरान संबंधित अभिलेखों, उपस्थिति पंजिका, वेतन भुगतान अभिलेख, वाहन लॉगबुक, अनुदान विवरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर आरोपों की सत्यता की जांच की जाए।
साथ ही यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता अथवा शासकीय धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रस्तावित कार्रवाई का उल्लेख करते हुए संयुक्त जांच आख्या 07 दिवस के भीतर उपलब्ध कराई जाए।
वहीं मामले पर पर्यवेक्षण अधिकारी बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, श्रावस्ती रविन्द्र कुमार ने बताया कि, “मामला संज्ञान में है, जांच चल रही है।”
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्रावस्ती अशोक कुमार ने बताया कि, “जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रभात कुमार दास कोई भी मामला संज्ञान में नहीं है, ।”
— संवाददाता, श्रावस्ती
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know