प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का 32142 महिलाओं को मिला लाभ – सीएमओ
पहली बार गर्भवती होने पर तीन किश्तों में मिलते हैं पांच हजार रूपये
योजना का लाभ लेने के लिए बैंक में केवाईसी जरूर करवाएं
इटावा।प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने वाली महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य देखभाल व पोषण के लिए तीन किश्तों में पांच हजार रूपये सीधे बैंक खाते में प्रदान किये जाते हैं | यह कहना है - मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भगवान दास का | यह योजना जनवरी 2017 से लागू की गई है, तब से अब तक इस योजना के तहत जनपद में 32142 महिलाओं को पंजीकृत कर लाभ दिया गया है ।
जिला समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक (डीसीपीएम) प्रभात बाजपेई ने बताया - प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रसव चाहे सरकारी या निजी अस्पताल में कराया गया हो इसका लाभ सभी को मिलता है। योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने वाली महिलाओं को तीन किस्तों में ₹5000 की धनराशि दी जाती है। पंजीकरण के लिए माता-पिता का आधार कार्ड, मां की बैंक की पासबुक की फोटोकॉपी जरूरी है। मां का बैंक अकाउंट ज्वाइंट नहीं होना चाहिए। निजी अकाउंट ही मान्य होगा यदि बच्चे का जन्म हो चुका है तो मां और बच्चे दोनों के टीकाकरण का प्रमाणिक पर्चा होना जरूरी है। उन्होंने बताया - पंजीकरण कराने के साथ ही गर्भवती को प्रथम किश्त के रूप में ₹1000 दिए जाते हैं ।प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने पर दूसरी किस्त के रूप में ₹2000 और बच्चे के जन्म पंजीकरण होने तथा बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर तीसरी किस्त के रूप में ₹2000 दिए जाते हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लेने के लिए केवाईसी कराना जरूरी
डीसीपीएम ने बताया लाभार्थी को इस योजना के तहत मिलने वाले लाभ के लिए बैंक में केवाईसी होना जरूरी है। पिछले दिनों कुछ राष्ट्रीयकृत बैंकों का विलय होने से बैंकों के आईएफसी कोड बदल गए हैं। इस वजह से लाभार्थियों को भुगतान में दिक्कत आ रही है। लाभार्थियों की इस समस्या को दूर करने के लिए केवाईसी अपडेट होने पर ही लाभार्थी को योजना का लाभ मिल पाएगा। इसलिए जिन लोगों ने केवाईसी नहीं करवाई वह अवश्य करवाएं।
उन्होंने बताया - लाभार्थी फर्जी कॉल से भी सतर्क रहें। कुछ जालसाज योजना के नाम पर फोन कर लाभार्थी के बैंक अकाउंट संबंधित जानकारी को लेकर धोखाधड़ी करने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने बताया योजना का कोई भी प्रतिनिधि लाभार्थी से वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) नहीं पूछता और न ही कोई सूचना मांगता है। राज्य स्तर से हेल्पलाइन नंबर 7998799804 जारी किया गया है, इस हेल्पलाइन नंबर पर लाभार्थी स्वयं ही कॉल करके योजना के आवेदन संबंधी तथा भुगतान में आ रही समस्या का समाधान प्राप्त कर सकता है।
डीसीपीएम प्रभात बाजपेई ने सभी प्रथम बार गर्भवती होने वाली महिलाओं से अपील की है कि वह इस योजना के लिए आवेदन करें और सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का अवश्य लाभ लें।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know