Top News

91 स्वास्थ्य केन्द्रों पर आज मनाया जाएगा खुशहाल परिवार दिवस

91 स्वास्थ्य केन्द्रों पर आज मनाया जाएगा खुशहाल परिवार दिवस
महिलाओं की सेहत सुधारने की होगी पहल 
दंपति को परिवार नियोजन के लाभ के बारे में दी जाएगी जानकारी 
 
उत्तरप्रदेश न्यूज़ 21संवाददाता औरैया  20 फरवरी 2021 : जोखिम वाली गर्भावस्था से बचने व अनचाहे गर्भ से छुटकारा दिलाने में परिवार नियोजन साधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है । इससे जहां एक तरफ महिलाओं की सेहत में सुधार होगा तो दूसरी तरफ परिवार में बच्चों की देखभाल बढ़ेगी, दोनों ही स्थितियाँ न केवल परिवार में सुख समृद्धि और खुशहाली का आधार बनेंगी बल्कि इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी भी आएगी। इसी को ध्यान में रखते हुये रविवार 21 तारीख को जनपद के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन कर लोगों को परिवार नियोजन की सेवाएं दी जाएंगी। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि 50 व 100 शैय्या सहित 1 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के अलावा 56  हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाएगा । इस दौरान हर रविवार आयोजित होने वाले आरोग्य मेलों के साथ ही खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया की मुख्य रूप से अंतरा इंजेक्शन के लिये महिलाओं को प्रेरित करने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही दंपत्तियों व अन्य लोगों को स्वास्थ्य कार्यकर्ता परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी देते हुये इसे अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे । इससे न केवल एनीमिक व उच्च जोखिम वाली महिलाएं गर्भधारण करने से बचेंगी बल्कि दो बच्चों के बीच तीन वर्ष का अंतर रखने के साथ-साथ कम उम्र में होने वाली गर्भावस्था को रोकने में भी मदद मिलेगी । 

 भ्रांतियों को दूर करने की दी जाएगी जानकारी -

परिवार नियोजन की नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ शशिबाला सिंह ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस के मौके पर लोगों को परिवार नियोजन साधनों में बास्केट ऑफ च्वाइस यानि अपनी पसंद के कोई भी साधन का चुनाव करने की आज़ादी मिलेगी । साथ ही पसंद किए गए साधनों की जानकारी, उससे संबन्धित भ्रांतियों को दूर करने व परिवार नियोजन साधनों को उपलब्ध कराने में स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूरा सहयोग करेंगे । आशा कार्यकर्ता दंपति को परिवार नियोजन के लाभ और तरीकों के बारे में जानकारी देकर खुशहाल परिवार दिवस में आने के लिए प्रोत्साहित करेंगी। 

जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ ने बताया कि पिछले महीनों में 21 तारीख को आयोजित खुशहाल परिवार दिवस में जनवरी माह में 1123 लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों से लाभान्वित किया गया था । इसमें पुरुष नसबंदी, महिला नसबंदी, प्रसव पश्चात कॉपर टी , आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन सहित  छाया गोली, माला एन व नयी पहल किट/शगुन किट का वितरण किया गया था ।  

इनको होगा विशेष लाभ –

उच्च जोखिम वाली महिलाएं 
नवविवाहित दंपत्ति 
योग्य दंपत्ति

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने