Top News

NDA को बिहार में स्‍पष्‍ट बहुमत; एनडीए 125- महागठबंधन को 110 सीटें; देखें DETAILS

बिहार चुनाव में एनडीए ने बहुमत हासिल कर लिया है।
उत्तर प्रदेश न्यूज21
पटना:बिहार विधानसभा चुनाव के 243 सीटों के नतीजे  सामने आ गए हैं। अबतक जीती हुई घोषित सीटों में से एनडीए को 125, महागठबंधन को 110 और एआइएमआइएम, बसपा व दूसरे दलों को 8 सीटें मिली है। इस तरह एनडीए नेे बहुमत हासिल कर लिया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की जनता और  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। बिहार चुनाव में एनडीए के अच्‍छे प्रदर्शन पर दोनों नेताओं ने मंगलवार को बातचीत की। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी चुनाव जीत गए हैं। उन्‍होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उदय नारायण चौधरी को हराया। इस चुनाव में कई दिग्‍गज चुनाव हार गए हैं। लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय परसा से चुनाव हार गए हैं। वे जदयू के टिकट पर चुनाव मैदान में किस्‍मत आजमा रहे थे। इधर नीतीश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा मुजफ्फरपुर से चुनाव हार गए हैं।
चार सीटों पर जीत का अंतर 200 मतों के अंदर

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बड़ी बात कही है। आयोग के मुताबिक 4 सीटों पर जीत-हार का अंतर महज 200 वोट हैं। जबकि 24 सीटों पर जीत-हार का अंतर 1000 वोट हैं। 32 सीट पर 2000 वोटों का अंतर है। 48 सीटों पर जीत-हार का फासला सिर्फ 3000 वाेट है। उप निर्वाचन अधिकारी आशीष कुंद्रा ने बताया कि अबतक आधे से अधिक सीटों पर मतगणना कार्य पूर्णता की ओर है। कुल 4 करोड़ मतों में से 2.7 करोड़ वोटों की गिनती कर ली गई है। रात तक सभी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। अमित शाह ने ट्वीट कर जताया आभार

बिहार विधानसभा चुनाव में जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की जनता का आभार जताया। उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। ट्वीट में शाह ने लिखा, बीजेपी विकास, विश्वास और प्रगति की प्रतीक है।आज बिहार विधानसभा चुनाव और देश के विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में भाजपा को मिले अभूतपूर्व समर्थन के लिए जनता को नमन। जीत के लिए नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई। चुनावों में जनता ने जिस उत्साह से नरेंद्र मोदी और NDA की नीतियों में अपना समर्थन जताया वो सचमुच अद्भुत है। यह परिणाम न सिर्फ कोरोना के विरुद्ध मोदी सरकार की सफल लड़ाई में गरीब, मजदूर, किसान और युवाओं के विश्वास को दिखात है बल्कि देश को गुमराह करने वालों के लिए सबक भी है। अमित शाह ने बिहार में विकास, प्रगति और सुशासन को पुनः चुनने के लिए प्रदेश के सभी भाइयों-बहनों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। कहा कि मैं विशेषकर बिहार के युवाओं और महिलाओं को साधुवाद देता हूं जिन्होंने बिहार में सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को चुनकर NDA की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। अपने आखिरी ट्वीट में शाह ने लिखा, बिहार के हर वर्ग ने फिर एक बार खोखलेवादे, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को सिरे से नकार कर NDA के विकासवाद का परचम लहराया है। यह हर बिहारवासी की आशाओं और आकांक्षाओं के साथ ही नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के डबल इंजन विकास की जीत है।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने