Top News

*बच्चों की सुरक्षा को लेकर विधिक जागरूकता पर जोर, पब्लिक इंटर कॉलेज बिधूना में पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*


■ *न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को बाल अधिकार, सुरक्षा और कानून की जानकारी देकर सजग रहने का दिया संदेश*
शुभम बाबू
बिधूना (औरैया)
 बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों और उन्हें कानूनी संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से पब्लिक इंटर कॉलेज बिधूना के सभागार में पॉक्सो एक्ट एवं बाल संरक्षण कानूनों को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट की महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ ही किसी भी प्रकार की असहज स्थिति, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में एक कमेटी के गठन का भी सुझाव दिया।
कार्यक्रम में सिविल जज जूनियर डिवीजन अनिल चौधरी तथा अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन कुशाग्र मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या परिस्थिति से सावधान रहना चाहिए।
न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी बच्चे के साथ गलत व्यवहार, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा किसी प्रकार का शोषण होता है तो उसे डरने या बात छिपाने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में तत्काल माता-पिता, अभिभावक, शिक्षक या जिम्मेदार व्यक्ति को जानकारी दें और आवश्यकता पड़ने पर कानून की मदद लें।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि अनजान लोगों पर आसानी से भरोसा न करें, 

सोशल मीडिया और इंटरनेट का सावधानी से इस्तेमाल करें तथा अपनी निजी जानकारी, फोटो या वीडियो किसी अजनबी के साथ साझा न करें। किसी व्यक्ति द्वारा धमकी देने, ब्लैकमेल करने या गलत तरीके से संपर्क करने पर तत्काल इसकी जानकारी परिवार और विद्यालय के जिम्मेदार लोगों को दें।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को यह भी समझाया गया कि चुप्पी किसी समस्या का समाधान नहीं है। सजगता, जागरूकता और समय पर सूचना देना ही सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्र-छात्राओं से अपने आसपास के छोटे बच्चों और सहपाठियों की सुरक्षा के प्रति भी संवेदनशील रहने का आह्वान किया गया।
विद्यालय की प्रबन्धिका मंजु सेंगर ने न्यायिक अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में दी गई कानूनी जानकारियों को गंभीरता से लेने और आवश्यकता पड़ने पर उनका सही तरीके से उपयोग करने की अपील की।इस अवसर पर  विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं पीएलवी ग्रुप लीडर राघवेन्द्र प्रताप सिंह गौर उर्फ राघव, योगेश कुमार स्वामी,बेद प्रकाश वर्मा के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की और न्यायिक अधिकारियों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कानून की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, सजग और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने