■ जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) प्रदीप कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ कार्यक्रम
■ विद्यालय की प्रधानाचार्या कंचन लता तिवारी बोलीं: "विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है
शुभम बाबू
औरैया।
सुदिति ग्लोबल अकैडमी, औरैया में उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, लखनऊ तथा जिला विज्ञान क्लब, औरैया के सहयोग से संचालित विज्ञान बस का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) श्री प्रदीप कुमार मौर्य के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में समन्वयक श्री मोहित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान के अनेक रोचक एवं प्रयोगात्मक सिद्धांतों को प्रत्यक्ष रूप से समझा और विज्ञान के प्रति अपनी जिज्ञासा को और अधिक विकसित किया।
विज्ञान बस में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रयोगों का सजीव प्रदर्शन किया गया। आधुनिक उपकरणों, वीडियो प्रोजेक्टर, सूक्ष्मदर्शी (माइक्रोस्कोप) तथा वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया गया।
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रयोगशाला का भ्रमण कर ध्वनि, प्रकाश, ऊर्जा, सूक्ष्मजीव, जैव विविधता तथा अन्य वैज्ञानिक विषयों से जुड़े प्रयोगों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने स्वयं भी अनेक प्रयोग कर विज्ञान के व्यावहारिक पक्ष को समझा।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कंचन लता तिवारी ने कहा, "विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रयोगों के माध्यम से ही उसकी वास्तविक समझ विकसित होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, नवाचार की भावना तथा शोध के प्रति रुचि उत्पन्न करते हैं। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त करे और भविष्य में देश का एक जागरूक एवं सफल वैज्ञानिक, इंजीनियर अथवा शोधकर्ता बने।"
विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा इस आयोजन को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। विद्यार्थियों ने विज्ञान बस में प्रदर्शित प्रयोगों को अत्यंत रुचिपूर्वक देखा और इसे अपने लिए एक यादगार सीखने का अनुभव बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने जिला विद्यालय निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार मौर्य, विज्ञान बस की टीम तथा समन्वयक श्री मोहित सिंह का आभार व्यक्त किया।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know