जनपद में बिना काम के दो हैंडपंप को रीबोर दिखाकर डकार लिये 83 हजार, नोटिस जारी
उत्तरप्रदेश न्यूज़21। संवाददाता
ताखा में अब हैंडपम्प के रीबोर के नाम पर घोटाला सामने आया है। मामला चमरपुर पंचायत है। यहां पर दो हैंडपंपों के रीबोर दिखाकर 83 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है। जबकि दोनों जगह पर वर्षों पुराने लगे हैंडपंप के रीबोर नहीं किये गये हैं। इसके जिम्मेदारों ने धनराशि निकालकर बंदरबांट कर ली। इस मामले में जिम्मेदारों को नोटिस जारी किये गये हैं।
विकास खंड ताखा में सरकारी काम को किस तरह कागजों पर दिखाकर पैसे को डकार लिया जाता है यह छुपा नही है। कागजों पर हुए 12 लाख के पौधरोपण घोटाले के आरोपों की जांच में ब्लाक के दो कर्मचारियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद तत्कालीन बीडीओ पीएन यादव के खिलाफ अभी भी जांच चल रही है। अब ताखा की रुद्रपुर चमरपुर ग्राम पंचायत में दो हैंडपंपों का रीबोर दिखाकर 83 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है। पंचायत के चमरपुर गांव में रामचंद्र पुत्र गुलाब सिंह एवं राम कबीर पुत्र वनवारी लाल के हैंडपंप को खराब दिखाकर रीबोर कर 31 दिसंबर को 40 हजार एवं 43 हजार रुपये का भुगतान दो अलग अलग फर्मों को कर दिया गया। जब इसकी जानकारी रामचंद्र को हुई तो शिकायत एडीओ पंचायत ताखा से की है। रामचंद्र ने बताया उनके मकान के सामने वर्षों पहले एक हैंडपंप लगाया गया था बोरिंग काफी पुरानी होने के कारण कुछ पाइप गल गए हैं इसलिए पानी काफी देर बाद हैंडपंप में आता है। इसलिए हैंडपम्प को रीबोर कराने की मांग की थी लेकिन रीबोर नहीं किया गया और पैसे निकाल लिये गये। इसी प्रकार रामकबीर के मकान के सामने लगा हैंडपम्प भी पानी दे रहा है लेकिन उसका भी रीबोर दिखाकर पैसा हड़प लिया गया है। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधि एक दूसरे पर टालमटोल कर रहे हैं। एडीओ पंचायत देवेंद्र कुमार ने बताया शिकायत उन्हें मिली है, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know