Top News

मिशन शक्ति : उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

मिशन शक्ति : उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

‘बेटियों से पहचान - नारी सम्मान’ थीम पर मनाया गया रक्षा उत्सव

जनपद की उर्वशी दीक्षित, यशोधरा को मिला मिशन शक्ति अवार्ड
इटावा।प्रदेश में महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति 3.0 के अंतर्गत इस माह से दिसंबर तक की कार्य योजना तैयार कर ली गई है। इसी क्रम में शनिवार को प्रेरणा सभागार में मेगा इवेंट ‘रक्षा उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक सरिता भदौरिया व जिलाधिकारी श्रुति सिंह द्वारा सरस्वती वंदना व  दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विधायक  सरिता भदौरिया ने कहा - मिशन शक्ति के अंतर्गत सभी कार्यक्रमों को जनपद में उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा । उन्होंने कहा - सरकार द्वारा चलाई जाने वाली मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना , प्रधानमंत्री मातृ  वंदना योजना आदि को मिशन शक्ति से एक नई दिशा मिल रही है। उन्होंने सभी 75 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा भविष्य में वह और अच्छा काम करें और आगे बढ़ें । लखनऊ में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट  प्रेरणा सभागार में किया गया। जब जनपद की उर्वशी दीक्षित और यशोधरा को पुरस्कृत किया गया तो सारा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने भी उर्वशी दीक्षित और यशोधरा को बधाई दी |  उन्होंने बताया - आज के मेगा इवेन्ट रक्षा उत्सव के अन्तर्गत बच्चों तथा महिलाओं को विभिन्न प्रकार की हिंसा से बचाव के बारे में  हाट-बाजार आदि सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर जन-सामान्य को जागरूक किया जा रहा है  । आगे आने वाले माह में मिशन शक्ति के अंतर्गत ‘बेटियों से पहचान -नारी सम्मान’ थीम पर समस्त स्तरों (ग्राम/ब्लाक/जनपद) पर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर परिवारों तथा दुकानदारों आदि को जागरूक किया जायेगा।
 उन्होने बताया कि मिशन शक्ति के अन्तर्गत हर महीने अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी । इसके अन्तर्गत अक्टूबर तक संभव पोषण संवर्धन की ओर एक कदम अभियान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा चलाया जा रहा है । दिसम्बर तक प्रत्येक माह के अंतिम दिवस पर महिलाओं एवं किशोर/किशारियों के सशक्तिकरण तथा बाल विवाह उन्मूलन हेतु जनपद स्तरीय बाल संरक्षण कार्ययोजना का अनुपालन किया जायेगा।
 रक्षा उत्सव में महिलाओं को स्वावलंबी और सक्षम बनाने और  अपनी पहचान बनाने वाली  जनपद की 75 महिलाओं को सदर विधायक  सरिता भदौरिया और जिलाधिकारी श्रुति सिंह के द्वारा प्रशस्ति पत्र दिया गया | इसके साथ ही  1-1 मास्क और राखी प्रदान की गई। कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना की 10 लाभार्थी बच्चियों को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।
मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला कल्याण अधिकारी दीपाली बिधौलिया  ने महिलाओं को अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध लड़ने तथा अपने आप को कैसे आगे बढ़ाएं  उसके बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा महिला अबला नहीं आज के समय सबला है जो हर परिस्थिति में मजबूत बनेगी। कार्यक्रम में एसएसपी डॉ बृजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र कुमार डीआईओएस राजू राणा जिला विकास अधिकारी व प्रभारी सीडीओ दीनदयाल, डीपीओ सूरज सिंह, सुरेश यादव, महिला कल्याण अधिकारी दीपाली बिधौलिया उपस्थित रहीं |

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

और नया पुराने