उत्तरप्रदेश न्यूज़21 संवाददाता औरैया/अजीतमल/बिधूना। जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगा सपाइयों ने पार्टी के राष्ट्रीय आह्वान पर तहसील कार्यालयों पर हंगामे के साथ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली। इस मौके पर तीनों तहसीलों से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपे गए। इसमें चुनाव में गड़बड़ी की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा पुन: जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव कराए जाने की मांग की। तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की बढ़ी दरें वापस लिए जाने आदि की मांग की गई। बिधूना में ज्ञापन देने के दौरान सपाइयों और पुलिस से तीखी झड़प भी हुई।
सदर तहसील में सपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव व पूर्व विधायक प्रदीप यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के भाजपा शासन ने गुंडागर्दी व अराजकता के दाम पर जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सीटों पर कब्जा किया है। प्रमुख पद के नामांकन के समय विपक्ष के प्रत्याशी, प्रस्तावकों, समर्थकों व महिलाओं के साथ शर्मनाक घटनाएं हुईं। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदौरिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मो.इरशाद, सत्तार हाफिस, अशोक गुप्ता, मो.बबलू, बबलू यादव, सर्वेश गौतम, जितेंद्र दोहरे आदि मौजूद रहे।
अजीतमल में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अजीतमल तिराहे पर एकत्रित हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे। तहसीलदार अजीतमल संध्या शर्मा ने तहसील के बाहर ही ज्ञापन लेकर सपाइयों को बाहर कर दिया। इस मौके पर सर्वेश गौतम, ओमवीर यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र यादव, वारिश सिद्दकी, कमलेश राजपूत, राजेश राजपूत, धर्मवीर पाल, ओके चौधरी आदि मौजूद रहे।
बिधूना प्रतिनिधि के मुताबिक में जिलाध्यक्ष राजवीर यादव, पूर्व विनोद यादव कक्का, रामपालयादव, आछेलाल पाल, सुनील वर्मा, रचना सिंह, रामस्नेही, डॉ. नवल किशोर शाक्य, शिवनरायण यादव, निशा सिंह, रेखा वर्मा, राहुल सबिता, सुखवीर यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता तहसील गेट पर एकत्रित हुए। ज्ञापन देने के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। जिसमें कुछ महिलाएं आक्रोशित हो गई और क्षेत्राधिकारी से नोकझोंक करने लगे। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के बाद बाजार से रैली निकालने के लिए प्रयास किया लेकिन पुलिस प्रशासन ने सभी कार्यकर्ताओं को कड़ी चेतावनी देकर वापस घर भेज दिया।
ड्रोन से की गई निगरानी
प्रशासन ने सपा के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरे के साथ बड़ी संख्या में औरैया, अजीतमल व बिधूना तहसील में पुलिस फोर्स का इंतजाम किया गया। प्रदर्शन के एक दिन पहले पुलिस अधिकारियों ने सपा के पदाधिकारियों को किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने पर सख्ती से निपटने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद बिधूना में ज्ञापन देने के दौरान सपाजनों की सीओ से तीखी झड़प हुई।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know