*ब्लाक प्रमुख को पद व गोपनीयता की दिलाई गई शपथ*
*औरैया।* हाल में ही संपन्न हुए क्षेत्र पंचायत के चुनावों में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख एवं सदस्यों ने सोमवार को सदर ब्लॉक के सभागार में एक भव्य समारोह के बीच पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। औरैया सदर से निर्विरोध निर्वाचित हुए भाजपा के नरेंद्र वाल्मीकि को उप जिलाधिकारी सदर रमेश चंद्र यादव ने शपथ दिलाई। जिसके बाद ब्लाक प्रमुख ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
आपको बताते चलें कि अभी हाल में ही संपन्न हुए ब्लाक प्रमुख के चुनाव में औरैया सदस्य पूर्व ब्लाक प्रमुख सौरव भूषण शर्मा के अति नजदीकी माने जाने वाले नरेंद्र वाल्मीकि भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी थे, और इस चुनाव में वह निर्विरोध विजई हुए थे। सोमवार को सदर ब्लाक के सभागार में अधिकारियों, भाजपा नेताओं एवं तमाम गणमान्य लोगों की उपस्थिति में समारोह पूर्वक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें एसडीएम सदर रमेश चंद्र यादव ने निर्विरोध निर्वाचित हुए ब्लाक प्रमुख नरेंद्र वाल्मीकि को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद ब्लाक प्रमुख नरेंद्र वाल्मीकि ने उपस्थित सभी बीडीसी सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद क्षेत्र पंचायत की पहली बैठक भी आहूत की गई, जिसमें क्षेत्र पंचायत के अधिकारियों के अलावा नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख एवं बीडीसी सदस्यों ने सहभागिता की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान क्षेत्र पंचायत अधिकारी बब्बन प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर सुरेंद्र नाथ यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा,कोतवाल संजय कुमार पांडे आदि लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ब्लॉक परिसर के आस पास भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा जो चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर बनाए रहा।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know