किसी बड़े हादसे के इंतजार में प्रशासन
फफूंद औरेया मार्ग दे रहा हादसे को दावत
औरैया । फफूंद औरेया मार्ग पर स्थित दो ग्रामों में सड़क में गहरे गड्ढे हो जाने से मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। लंबे समय से उपरोक्त रोड क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। वहीं मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं जिस में जल भराव होता रहता है। आवागमन करने वाले राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है । रोड की दशा यह है कि चलने वाले दुपहिया व चार पहिया वाहन के अलावा बड़े भारी वाहान भी धीरे- धीरे रेंगकर गुजरते हैं। यह मार्ग दुर्घटना को दावत दे रहा है।लेकिन अभी तक शासन व प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। जिसके चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। लोगोंं का कहना है कि क्या किसी हादसे के बाद ही प्रशासन नींद से जागेगा ।
औरैया फफूंद मार्ग फोरलेन है जिसके बीच में एक गांव देवरपुर तथा दूसरा शेरपुर सरैया है इन दोनों ग्रामों में मार्ग का निर्माण न होने से वहां गहरे गहरे गड्ढे हो गये हैं । अधूरे पड़े रोड के जर्जर हो जाने के कारण कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। इसके अलावा पढ़ीन में स्थित सेंगर नदी का पुल भी अभी तक पूरा नहीं बन सका है जिससे फोरलेन बाधित है। औरैया के फफूंद रोड जो कि फोरलेन है औरैया से तकरीबन 7 किलोमीटर आगे ग्राम शेरपुर सरैया मे बड़े-बड़े गड्ढे तालाब का रूप ले चुके हैं, जिनमें परनालों का पानी भरता है। जिससे वाहन चालक नहीं समझ पाते हैं की वह अपने वाहन को किधर से निकाले। गड्ढों के चलते वाहन पलटने का भी हमेशा खतरा बना रहता है तथा गांव में कई दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी है। इस रोड पर पाता प्लांट को जाने वाले गैस टैंकर के अलावा ट्रक व प्राइवेट बसें एवं घायलों व मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी गुजरती हैं।
जो हिचकोले खाते हुए तकरीबन 1 किलोमीटर का रोड पार करते हैं तथा उनके पलट जाने का भी खतरा बना रहता है। इसके अलावा परनालों का पानी गड्ढों में भर जाने से परेशानी का सबब बनता है। इसी तरह से शेरपुर सरैया से करीब 2 किलोमीटर आगे ग्राम देवरपुर पड़ता है यहां पर भी रोड की स्थिति कमोवेश शेरपुर सरैया जैसी ही है। यहां भी दुर्घटनाएं होने की संभावना प्रबल रहती हैं। देवरपुर गांव के पास ही रोड के समीप प्राथमिक विद्यालय के अलावा इंटर कॉलेज भी है जिनमें स्कूल ,कॉलेज खुलने के समय छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। वाहनों की चपेट में आकर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा आपको बताते चलें कि पूर्व सपा सरकार में ग्राम पढ़ीन के समीप स्थित सेंगर नदी का पुल बनना आरंभ हुआ था।
जो अभी तक आधा-अधूरा ही पड़ा हुआ है। जिसके चलते औरैया- फफूंद फोरलेन से नहीं जुड़ सका है। शासन व प्रशासन ने फोरलेन को पूर्ण कराए जाने के लिए अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया है।जिसके चलते उपरोक्त पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। क्षेत्रिय लोगों तथा ग्रामीणों ने उपरोक्त फोरलेन को ग्राम शेरपुर सरैया तथा देवरपुर रोड के किनारे बसे ग्रामीणों को मुआवजा देकर शासन व प्रशासन से जनहित में रोड को सही कराए जाने की पुर जोर मांग की है। इसके अलावा सेंगर नदी का पुल भी अतिशीघ्र बनवाकर चालू कराये जाने की मांग की है जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। ग्राम प्रधान शेरपुरसरैया ,प्रधान देवरपुर,प्रधान बरूआ,प्रधान मुढ़ी सहित सैकड़ों लोगों ने जिलाधिकारी से जल्द ही मार्ग बनवाये जाने की मांग की है।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know