उत्तर प्रदेश न्यूज21
■कोकपुरा की मलिन बस्तियों में कोरोना से बचाव के लिए किया जागरूक
इटावा:कोरोना वायरस के संक्रमण पर जल्दी से जल्दी काबू पाने के लिए जहां सरकार कोविड टीकाकरण पर पूरा जोर दे रही है, वहीं वैक्सीन को लेकर कुछ लोगों के मन में अभी भी डर एवं संशय कायम है। जनपद में कोकपुरा की मलिन बस्तियों में वैक्सीन को लेकर फैले भ्रम को लोगों के मन से दूर कर उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करने की कमान अब कोकपूरा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनूप रायपुरिया ने संभाली है। उन्होंने घर-घर जाकर टीकाकरण के प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ रायपुरिया बताते हैं - कोकपुरा की मलिन बस्तियों में लोग आशा व स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के लिये सहयोग नहीं कर रहे थे। यह सूचना जब उन तक आई तब वह स्वयं वहां गए वहां के लोगों से बात की और उनको समझाया कि कोविड टीकाकरण कराने से वह संक्रमित होने से बच सकते हैं। इसके साथ ही अपने आस-पास के लोगों को संक्रमण से बचा सकते हैं। उन्होंने वहां के लोगों को सफल संवाद द्वारा उनके अंदर टीकाकरण कराने के लिए आत्मविश्वास पैदा किया और वेक्सीन लगवा कोरोना संक्रमण से खुद एवं परिवार को बचाने की गुजारिश की जो सफल रही।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सत्येंद्र यादव ने बताया कि कोकपुरा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 28 जनवरी 2021 से अब तक करीब 3000 से अधिक लोगों ने टीका लगवाया है। डॉ यादव ने बताया टीकाकरण केंद्रों में नगरीय क्षेत्र के समस्त केंद्रों में कोकपुरा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ अनूप का कार्य बहुत ही सराहनीय है, उनके द्वारा किए गए प्रयास अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। साथ ही बताया कि जनपद के अन्य नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के मुकाबले यहाँ अभी तक सर्वाधिक टीकाकरण हुआ है।
टीकाकरण को सफल बनाने के लिए अपनाई सफल रणनीति
डॉ रायपुरिया ने बताया कि लोगों के मन से भय को निकालने के व टीकाकरण को सफल बनाने के लिए उन्होंने केंद्र की टीम और आशा व आंगनबाड़ी के साथ मिलकर रणनीति बनाई। उन्होंने आशा,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को क्षेत्र में टीकाकरण के लिए किस प्रकार से प्रोत्साहन दें, इसके लिए उनको टीकाकरण संबंधित तथ्यों की जानकारी सरल शब्दों व आत्मीय संवाद के द्वारा देने के लिए प्रोत्साहित किया फिर समय-समय पर जहां लोग सहयोग नहीं करते थे वहां स्वयं जाकर लोगों की बात को सुना और उनके द्वारा मन की शंकाओं को दूर किया। धीरे धीरे लोगों की मनोदशा बदली और लोगों ने टीकाकरण करवाना शुरू किया।
कोकपुरा की आशा कार्यकर्ता बंटी कुमारी ने बताया कि यहाँ बस्तियों में रहने वाले लोग बिल्कुल सहयोग नहीं कर रहे थे , ऐसे में डॉ अनूप द्वारा हमारी टीम को पूरा सहयोग मिलता है। इसके साथ ही टीकाकरण को सफल बनाने के लिए वह हमारा मनोबल भी बढ़ाते हैं ।डॉ अनूप ने बताया कि कोकपुरा स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन 70 से 80 लोग आकर कोविड जांच कराते हैं जिसके लिए सभी आशा वर्कर व आंगनवाड़ी लोगों को प्रेरित करती हैं। आशा सरिता, शशिबाला व आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता संगीता देवी का कार्य बहुत ही सराहनीय है, यह अपने क्षेत्र पर टीकाकरण करवाने हेतु हमेशा प्रयासरत रहती हैं । निगरानी समिति में सभी आशा वर्कर व आंगनवाड़ी नवीन लक्षण होने पर लोगों को जागरूक बनाती हैं साथ ही टीकाकरण कराने से संक्रमण से कैसे बचा जा सकता है यह भी घर-घर जाकर लोगों को समझाती हैं | कभी-कभी कुछ क्षेत्रों में सहयोग नहीं मिलता तब मैं स्वयं जाकर लोगों को जागरूक करता हूं।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know