उत्तर प्रदेश न्यूज21
●अब ई संजीवनी एप कराएगा यूपीयूएमएस चिकित्सकों से आपकी बात
इटावा:जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर पहले से ज्यादा सजग हो गए हैं। हल्की खांसी और जुकाम होने पर भी लोग चिकित्सीय सलाह के लिए अस्पतालों में जा रहे हैं। अस्पतालों में आने वाले लोगों व सामान्य बीमारियों के मरीजों को कोरोना का खतरा न हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को ई-संजीवनी एप का इस्तेमाल करते हुए घर बैठे चिकित्सकों से परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई (यूपी यूएमएस ) कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों के इलाज को और सुगम बनाने के लिए ई-संजीवनी एप के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श लेकर आया है। विश्वविद्यालय द्वारा हर सप्ताह सोमवार से शनिवार तक सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ई-संजीवनी ओपीडी का संचालन किया जायेगा। इस ओपीडी सेवा का लाभ लेने के लिए मरीज को मोबाइल फोन के गूगल प्ले स्टोर से ई-संजीवनी ओपीडी एप डाउनलोड करना होगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 डॉ रमाकान्त यादव ने दी।
डॉ यादव ने बताया कि अब तक टेलीमेडिसिन ओपीडी में मरीजों को सम्बन्धित फोन नम्बरों पर महज बात करने की सुविधा दी जा रही थी। अब मरीज वीडियो काॅल के माध्यम से ज्यादा प्रभावी तरीके से अपनी समस्या बता पायेंगे और चिकित्सक बेहतर परामर्श दे सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण की वजह से मरीज अस्पताल नहीं आ रहे हैं। ऐसे में यह एप बेहद मददगार साबित हो रहा है।
इस सम्बन्ध में ई-संजीवनी एप प्रभारी डॉ अमित कान्त सिंह ने बताया कि ई-संजीवनी एप के माध्यम से चिकित्सकों से सम्पर्क करने के लिए मरीज या तीमारदार को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर ई-संजीवनी ओपीडी एप को एंड्राइड फोन में डाउनलोड करना होगा। इसके बाद लाग-इन करना होगा। इसके बाद मरीज को पूरे प्रदेश के परामर्श हेतु उपलब्ध चिकित्सकों की सूची दिखेगी तथा उसी समय मरीज को परामर्श लेने हेतु आनलाइन टोकन नम्बर जनरेट होगा। वही आनलाइन टोकन नम्बर परामर्श हेतु उपलब्ध चिकित्सक के पास भी जायेगा। इसके पश्चात् रोगी सम्बन्घित चिकित्सक से परामर्श ले सकेगा। उन्होंने बताया कि मरीज एप पर जाकर अपनी जाॅच रिपोर्ट भी अपलोड कर सकेंगे। इसे देखकर चिकित्सक और भी बेहतर परामर्श दें सकेंगे। यही नहीं चिकित्सक से परामर्श के बाद मरीज डाॅक्टर का पर्चा भी डाउनलोड कर सकेंगे।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know