Top News

न्यूनतम तापमान में लगातार हो रहा इजाफा, अक्टूबर में नहीं मिलेगी गर्मी और उमस से निजात

नवनीत गुप्ता उत्तर प्रदेश न्यूज21

कानपुर:आधा अक्टूबर बीत जाने के बावजूद मौसम में गर्मी और उमस बरकरार है। यह स्थिति अभी सात से आठ दिन तक बनी रहेगी। इसके पीछे बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में निम्न वायुदाब का क्षेत्र विकसित होने की वजह है। नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों में मौजूद हैं, जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। अधिकतम तापमान बढ़े होने के कारण क्षेत्रीय चक्रवात भी बन सकता है। बारिश के आसार 18 और 19 अक्टूबर को हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा। बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में वर्षा होगी। कानपुर,
लखनऊ समेत आसपास के जनपदों में हल्की बारिश हो सकती है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक न्यूनतम तापमान के छह से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। निम्न वायुदाब क्षेत्र के चलते हवा की रफ्तार सामान्य से काफी तेज रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ 10 दिन पहले पाकिस्तान के गिलगिट और भारत के बार्डर से सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर सक्रिय हुआ था, लेकिन फिर थम सा गया। यह पश्चिमी विक्षोभ कैस्पियन सागर से बनकर एशियाई देशाें की ओर बढ़ता है। इसकी वजह से शुष्क और ठंडी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आती है। सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ और तापमान में उतार चढ़ाव के कारण बारिश होती है।
यहां बने मौसमी सिस्टम
तेलंगाना पर बना डिप्रेशन पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है, यह अब कमजोर होकर गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के रूप में महाराष्ट्र के आसपास सक्रिय हो गया है। अरब सागर के मध्य पूर्वी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। यह सिस्टम जल्द ही निम्न दबाव का क्षेत्र में परिवर्तित हो सकता है।
अगले 24 घंटे में बारिश के अनुमान
महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान है। अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में बौछारें गिरेंगी। उत्तर पश्चिमी भारत और पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर मौसम शुष्क रहेगा।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم