आयुष्मान से सिमरत को मिली नई जिंदगी,योजना के शुरुआत से अब तक 2,400 लोगों को मिला मुफ्त इलाज का लाभ
नवनीत गुप्ता उत्तर प्रदेश न्यूज 21/आल इंडिया प्रेस एसोसिएशन
औरैया: प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना का शुभारंभ आज ही के दिन दो साल पहले 23 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया गया था। इस योजना का लाभ पाने वाले कई लोगों ने बताया कि अगर सरकार द्वारा मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिलती तो उनकी क्या स्थिति होती वह कुछ नहीं कह सकते । इस योजना के तहत गरीब परिवारों को नई जिंदगी मिली है। योजना के अंतर्गत जनपद में जहाँ पहले सिर्फ 3 अस्पताल योजना का लाभ दे रहे थे वर्तमान में यह संख्या बढ़ कर 13 हो गयी है। 13 अस्पतालों में मिलता है योजना का लाभ
जनपद के तुर्कीपुर क्षेत्र निवासी सिमरत कौर को पित्त की थैली में पथरी की समस्या थी। सिमरत का जनपदीय कृष्णा मेडिकल सेंटर में योजना के तहत मुफ्त आपरेशन हुआ। उन्होंने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान से उन्हें नवजीवन मिला है। सिमरत कौर ने बताया कि वह लोग मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन पोषण कर रहे है। जनवरी 2020 में अचानक दर्द उठने पर उन्होंने निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इस बीच उसे पता लगा कि उसे पित्त की थैली में पथरी है। आपरेशन पर करीब 60 हज़ार का खर्च बताया गया। उन्हें फिर आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक की फ्री उपचार होने की जानकारी मिली। आयुष्मान आरोग्य मित्र की मदद से सिमरत पति संग कृष्णा मेडिकल सेंटर पहुंची । हॉस्पिटल संचालक द्वारा उन्हें कुछ जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी करवाने के बाद 18 मार्च 2020 को उनका आपरेशन निशुल्क किया गया। आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ सलभ मोहन ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत कैंसर व ह्रदय रोग सहित 1450 किस्म की बीमारियों का इलाज निःशुल्क कराया जा सकता है | जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ ज्योतींद्र मिश्र ने बताया कि सरकारी निर्देशानुसार, आयुष्मान गोल्डन कार्डधारकों के लिए अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन हेतु अलग से काउंटर बनाये गए हैं | इस काउंटर पर कार्ड दिखाते ही प्राथमिकता पर ओपीडी स्लिप निर्गत किये जाने और अगर लाभार्थी के पास गोल्डन कार्ड नहीं है तो उसे तत्काल बनाये जाने हेतु आरोग्य मित्रों को निर्देशित किया गया है |
सभी टीम कर रही पूरी तन्मयता से काम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अर्चना श्रीवास्तव ने आयुष्मान दिवस की पूर्व संध्या पर बताया कि जनपद में आयुष्मान मित्रों के साथ साथ योजना के सभी सदस्य पूरी तन्मयता से क्रियाशील हैं। उन्होंने बताया की वैश्विक महामारी कोरोना के चलते जिले में कुल 16 कोरोना संक्रमितों का योजना के तहत मुफ्त इलाज किया गया है। कोरोना काल में 300 कमजोर वर्ग के परिवारों को निःशुल्क इलाज लाभ मिला है | जिसमें 118 लोगों को जनपद में ही इलाज मुहैया करवाया गया है। योजना के शुरुआत से अब तक कुल 2400 लोगों ने निःशुल्क इलाज का लाभ लिया है |
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know