उत्तर प्रदेश न्यूज21
औरैया। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में रोड़वेज बस की चपेट में मोटरसाइकिल के आने से उस पर सवार युवती की मौत हो गयी जबकि युवती का रिश्तेदार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार दोपहर औरैया शहर के मोहल्ला ओमनगर निवासी काजल (20) उरई के राजेन्द्र नगर निवासी अपने बहनोई के चचेरे भाई प्रदीप श्रीवास्तव के साथ मोटरसाइकिल से कानपुर की ओर से औरैया की तरफ आ रही थी।
उनकी बाइक जैसे ही नेशनल हाइवे पर कोतवाली क्षेत्र के गांव जनेतपुर स्थित शताब्दी के सामने पहुंची तभी पीछे से तेज गति आ रही किदवई नगर डिपो की रोड़वेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक-युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए, टक्कर मारने के बाद चालक बस को भगा ले गया, दुर्घटना होते देख आसपास मौजूद लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे। साथ ही इंडियन ऑयल चैकी इंचार्ज को फोन से घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज एसआई कालीचरन पुलिस कर्मचारियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और सड़क पर घायलावस्था में पड़े कराह रहे युवक-युवती को पुलिस जीप से 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया, साथ ही परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया, सैंफई अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने काजल को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में इंडियन ऑयल चौकी इंचार्ज ने बताया कि टक्कर मारकर भाग रही रोडवेज बस को अजीतमल कोतवाली पुलिस ने कब्जे में ले लिया, जहां बस में सवारियां होने के कारण कानूनी कार्रवाई करने के बाद उसे गंतव्य को जाने दिया। उधर युवती की मौत होने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know