ब्रेकिंग न्यूज़ औरैया
4 साल पहले जहां से पढ़ाई की थी, उसी कॉलेज के एक छात्र ने वहां के संचालक और उनकी पत्नी की कुछ पैसों
और जेवरों के लिए मार दिया। उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर पूरी घटना रची। हलांकि बाद में पैसों के बंटवारे को लेकर उसके दोस्तों ने उसको भी मौत के घाट उतार दिया।
18 जनवरी को हुई थी दंपति की हत्या
औरैया में 18 जनवरी को एक इंटर कॉलेज के संचालक और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई थी। दोनों स्कूल की तीसरी मंजिल पर रहते थे। वहीं पर दोनों के शव मिले थे। इस घटना के बाद पुलिस को 19 जनवरी को स्कूल के पीछे से भी एक युवक का शव मिला था। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर पड़ताल कर रही थी। जिसके बाद सोमवार को पुलिस ने मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है।
4 साल पहले इसी कॉलेज से की थी पढ़ाई
पुलिस ने तीनों मौतों का कारण चोरी बताया है। पुलिस ने बताया कि 18 जनवरी की रात को चार युवकों ने मिलकर बुजुर्ग दंपति की हत्या की थी। उसके बाद ज्यादा पैसे मांगने पर साथ आए एक युवक को भी मारकर स्कूल के पीछे फेंक दिया था। जिस युवक को मारा गया था, वो इसी कॉलेज में 4 साल पहले पढ़ता था। उसको स्कूल के बारे में सब कुछ पता था। उसी ने ही चोरी की पूरी घटना रची थी।
पहले से दर्ज हैं तीनों के ऊपर मुकदमे
औरैया की बिधूना पुलिस व स्वाट टीम ने तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए रुपए व ज्वेलरी भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस ने तीनों शातिर बदमाशों को जेल भेज दिया है। तीनों बदमाशों के ऊपर पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
दोस्त को मारकर खंडहर में फेंका था
पुलिस ने 1 महीने तक चली छापेमारी के बाद कलन, प्रदीप और नीटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से स्कूल प्रबंधक के घर से लूटे हुए नगदी, आभूषण, चेक बुक, पासबुक, एटीएम आदि बरामद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि स्कूल के खंडहर में मिला शव उनके साथी विमल का था। हम सभी गांजा, स्मैक आदि का नशा करते हैं।
बक्सों में रखी नगदी और आभूषण लूटे
पैसे के लालच में हम लोगों ने योजना बनाकर स्कूल प्रबंधक के घर चोरी की थी। साथ ही मृतक विमल उसी स्कूल में पढ़ चुका था, इसलिए उसे सारी भौगोलिक स्थिति पता थी। 18 जनवरी को सुबह जब दूध वाला दूध देकर चला गया, तो पिछले गेट से हम लोग चोरी के इरादे से घर में घुस आए। चोरी की घटना का स्कूल प्रबंधक और उसकी पत्नी ने विरोध किया, तो हम लोगों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। फिर घर की अलमारी और बक्सों में रखी नगदी और आभूषण लूट लिए।
चोरी का सामान हुआ बरामद
विमल लूट के रुपए में ज्यादा हिस्सा मांगने लगा तो, हम लोगों का उसे झगड़ा हो गया। हम लोगों ने ही उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी। माल और रुपए आपस में तीनों ने बांट लिए। तहसील परिसर के पीछे खंडहर में हम लोग सोमवार को फिर से ज्वेलरी के बंटवारे के लिए इकट्ठे हुए थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि इन शातिर बदमाशों का पुराना भी आपराधिक इतिहास है। साथ ही साथ इनके पास से पुलिस ने 1 लाख 7 हजार नगदी, सोने की जंजीर, 3 जोड़ी पायल और पासबुक चेक बुक भी बरामद किया है।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know