औरैया में आग से पांच झोपड़ी खाक, बालिका झुलसी,जानिए कारण
उत्तरप्रदेश न्यूज़21 संवाददाता बिधूना/औरैया: बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जोगियान में शनिवार देर रात चूल्हे की चिगारी से पांच झोपड़ी में आग लग गई। हादसे के बाद चारपाई पर सो रहे परिवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसमें एक आठ वर्षीय बालिका झुलस गई। आग लगने का शोर सुनाई देने व उठती लपटों को देख आसपास के लोग बाहर आ गए। अग्निकांड की सूचना पुलिस को दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। रविवार की सुबह राजस्व की टीम हुए नुकसान का आकलन करने पहुंची थी।
एरवाकटरा विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहबा के मजरा नगला जोगियान गांव में शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे झोपड़ी में आग लगने की घटना हुई। वीरेंद्र नाथ परिवार सहित झोपड़ी में सो रहा था। ग्रामीणों के अनुसार चूल्हे की चिगारी से पड़ोस की झोपड़ी में आग लग गई। लपटों ने आसपास की झोपड़ियों को भी लपेटे में ले लिया। मिथलेश, कालियानाथ, कमलेश व छेदनाथ के झोपड़े में आग लगने की घटना पर गांव में शोर मच गया। झोपड़ी में सो रहा परिवार बाल-बाल बचा लेकिन मिथलेश की आठ वर्षीय बच्ची आग की चपेट में आने से झुलस गई। जिसे आनन-फानन नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने ज्यादा गंभीर स्थिति न होने से प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन को घर भेज दिया। कस्बा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्टाफ भेजा गया था। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेखपाल शिल्पी यादव को हादसे की जानकारी दी गई। अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन करते हुए तहसील प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग पीड़ितों ने की है।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know