बीमारियों से बचने के लिए साफ सफाई और खान-पान पर दें ध्यान : सीएमओ
जिन गाँवों में मिल रहे बुखार के अधिक मरीज वहां लगाये जा रहे स्वास्थ्य शिविर
इटावा।। जनपद में बदलते मौसम में बुखार, खांसी, सर्दी जुकाम व अन्य संक्रामक बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गयी है | इसलिए इस मौसम में विशेष ध्यान देने की जरूरत है | यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भगवान दास का I डॉ. भगवान दास ने कहा - बदलते मौसम में खानपान और साफ सफाई पर विशेष ध्यान देकर बीमारियों से बचा जा सकता है । उन्होंने बताया कि जनपद के कुछ गांवों में बुखार के अधिक मरीज मिल रहे हैं, ऐसे गांव में निगरानी समिति द्वारा विशेष रुप से ध्यान दिया जा रहा है और मैं खुद भी गांव का निरीक्षण कर रहा हूँ I स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है ताकि डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर की सही समय पर सही से जांच हो और सही इलाज लोगों तक पहुंचाया जा सके। जनपदवासियों से अपील है कि अभी त्योहारों का मौसम है, इसलिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें ,मास्क का प्रयोग करें और हाथ निरंतर धोते रहें क्योंकि खतरा अभी टला नहीं है।
सीएमओ ने बताया - स्क्रब टाइफस के सभी मरीज स्वस्थ हो गए हैं और अभी तक किसी अन्य मरीज को इस वायरस से संबंधित बुखार की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सतर्कता की आवश्यकता हैI इसीलिए घर के आसपास जलभराव न होने दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और घर के अंदर जानवरों को न रखें।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ एमएम आर्या ने बताया - अस्पताल में बुखार से पीड़ित प्रतिदिन लगभग 450 से 500 लोगों की टेस्टिंग हो रही है और उन लोगों का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया इस माह डेंगू संदिग्ध मरीजों की 2420 लोगों की जांच की गई और सोमवार तक 87 लोग बुखार व अन्य बीमारियों से ग्रस्त होकर जिला अस्पताल में भर्ती हुए।
एसीएमओ डॉ अवधेश ने बताया - नगला अर्जुन, नगला भगत ,खेड़ा, बुजुर्ग ,बलरई, धरबार, डूरपुरा, नगला डेवी, लोहनंना आदि गांव में निरंतर स्वास्थ्य विभाग की टीम काम कर रही हैं और डेंगू बुखार की टेस्टिंग किट द्वारा जाँच भी की जा रही है। जो भी व्यक्ति डेंगू से ग्रसित पाया जा रहा है उसे तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं और जो व्यक्ति संभावित भी लग रहा है उसका ब्लड सैंपल लेकर सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया - जसवंतनगर और बढ़पुरा ब्लॉक में विशेष तौर पर जहां पिछले दिनों से बुखार के मरीज अधिक पाए गए थे, विशेष ध्यान दिया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया सोमवार को जनपद में निजी अस्पताल सैफई मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल डेंगू व अन्य बुखार से पीड़ित 186 लोग भर्ती हैं और 32 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। डॉ अवधेश ने जनमानस से अपील की कि वायरल फीवर या अन्य फीवर से बचने के लिए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें साथ ही बुखार आने पर समय से अपने निकट स्वास्थ्य केंद्रों पर जाएं नि:शुल्क जांच और उपचार अवश्य करवाएं। मेडिकल स्टोर या अप्रशिक्षित चिकित्सकों की सलाह पर दवा बिल्कुल न लें। लापरवाही न बरतें जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर जांच अवश्य करवाएं और दवा लें।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know