इटावा।जिला अस्पताल में बुधवार को सहायक नर्सिंग अधीक्षक उर्वशी दीक्षित को मिशन शक्ति के तहत मिले राजकीय सम्मान के उपलक्ष्य में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भगवान दास ने कहा कि प्रदेश सरकार मिशन शक्ति के तहत उत्कृष्ट कार्य कर रहीं महिलाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित कर रही है । ख़ुशी की बात है कि जनपद की उर्वशी दीक्षित को यह सम्मान मिला, उनको बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से इटावा में पंचनदा विश्व प्रसिद्ध है उसी तरह से उनके निर्देशन में और हम सब के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाने की एक नई गंगा बहे, यही मेरी कामना है। उन्होंने सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से स्वास्थ्य संचार के सुदृढ़ीकरण की भी सराहना की और कहा कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले अन्य कर्मियों के कार्यों को सीफार के सहयोग से मीडिया में प्रसारित किया जाएगा और उनके कार्यों को जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।
हौंसलों की ऊँची उड़ान :
लगभग 35 वर्षों से उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मिशन शक्ति के तहत राजकीय सम्मान पाने वाली उर्वशी दीक्षित ने कहा- राज्य स्तर पर प्राप्त सम्मान मेरे लिए तो हर्ष का विषय है ही यह जिला अस्पताल और जनपद के लिए भी गौरवपूर्ण है। यह सम्मान मेरा नहीं सभी सहकर्मियों व जनपदवासियों का है। उन्होंने कहा - जब भी सम्मान मिलता है तो उत्साह बढ़ता है और एक नई जिम्मेदारी का एहसास दिलाता है कि आगे आने वाले समय में अपने कार्य के प्रति और सजग रहना है। उन्होंने बताया कोरोना काल में उनकी ड्यूटी एक भी दिन कोरोना वार्ड में नहीं लगी फिर भी मैं स्वेच्छा से कोरोना वार्ड में जाती थी लोगों से कुशलक्षेम पूछती थी। उन्होंने बताया उस समय कोई भी मरीज हो वह कहीं न कहीं संक्रमित होने के बाद मानसिक रूप से भयभीत हो जाता था तब उन सभी के साथ एक सफल संवाद के द्वारा उनको मानसिक रुप से विश्वास दिलाना कि वह सब ठीक हो जाएंगे | यह कार्य करने के बाद स्वयं में एक आत्म संतुष्टि मिलती थी। मुझे हमेशा अपने सहकर्मियों और सीनियर स्टाफ से प्रोत्साहन मिलता रहता है, जिससे कार्य करने में रुचि बढ़ती है। मैं सभी सहकर्मियों से आज यह बात कहना चाहती हूं कभी भी अच्छा काम करने के लिए यह मत सोचें मेरी यहां ड्यूटी है या नहीं।हमेशा कुछ अच्छा करने के लिए मिले अवसर पर अपना सर्वश्रेष्ठ दें क्योंकि सम्मान और अवार्ड से कहीं आगे आत्म संतुष्टि होती है। मैं इस अवार्ड को उन सभी लोगों को समर्पित करती हूं जिन्होंने कोरोना काल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दीं और विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत से डटे रहे।
उर्वशी दीक्षित ने कहा - आज मैं जो भी हूं उसका श्रेय मेरे परिवार के सदस्यों को भी जाता है। परिवार यदि आपको पूरी तरह से सहयोग करता है तब आप दोगुनी ऊर्जा के साथ अपने कार्य में सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं। आने वाले समय में पूरी कोशिश करूंगी अपने स्वास्थ्य सेवाओं के द्वारा लोगों की सेवा करूं। अपने सहकर्मियों के साथ एक मजबूत संगठन के रूप में कार्य करती रहूं जिससे जिला अस्पताल में मिल रही स्वास्थ सेवाओं के प्रति जनमानस के अंदर एक विश्वास बना रहे। सम्मान समारोह में सीएमएस डॉ मनमोहन आर्य ,डॉ कजली गुप्ता, डॉ पीके गुप्ता, डॉ अनिल वर्मा, डॉ महेंद्र कुमार ,डॉ पीके गुप्ता ने उर्वशी द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की सराहना की और उन्हें हार्दिक बधाई दी। स्वास्थ्य कर्मियों रिजवान अहमद, कुश गुप्ता ,शिवराज सिंह,पुष्पदीप, आलम रिजवी ने कार्यक्रम में सहयोग कर अपनी सहकर्मी की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया |
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know