Top News

एआरटीओ व पुलिस की बस मालिकों से मिलीभगत

*एआरटीओ व पुलिस की बस मालिकों से मिलीभगत*

 *बिना परमिट अवैध रूप से बसें भर रही फर्राटा*

*कम किराए का झांसा देकर हो रही ओवरलोडिंग सरकार के राजस्व को लग रहा चूना*

*बिधूना,औरैया।* एआरटीओ व पुलिस की प्राइवेट बस संचालकों से मिलीभगत के चलते कुछ तथा कथित सफेदपोशों के संरक्षण में बिधूना से दिल्ली जयपुर आदि शहरों के लिए बिना परमिट के लगभग दो दर्जन से अधिक अवैध रूप से एसी डबल डेकर व डबल डेकर साधारण बसें सरेआम ओवरलोडिंग कर फर्राटा भर रही हैं। इन अवैध बसों के संचालन से परिवहन विभाग के राजस्व को भारी चूना लग रहा है। शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं जिससे नियम कानून की धज्जियां उड़ रही है।
इन दिनों बिधूना तहसील क्षेत्र के बिधूना कस्बे के साथ याकूबपुर रामगढ़ बेला सहार अछल्दा ऐरवाकटरा से प्रतिदिन दिल्ली जयपुर आदि शहरों के लिए 2 दर्जन से अधिक एसी डबल डेकर व  साधारण डबल डेकर बसें बिना परमिट के अवैध रूप से ओवरलोडिंग कर फर्राटा भर रही है। बताया गया है कि इन बसों का संचालन कुछ तथाकथित सफेदपोशों  के संरक्षण में सरेआम हो रहा है। गौरतलब बात तो यह है कि इन अवैध बसों के संचालकों के दबंग एजेंटों द्वारा कम किराए का झांसा देकर यात्रियों को अपनी बसों में बैठा लिया जाता है, और बाद में अधिक किराया वसूला जाता है ,और विरोध करने पर यात्रियों के साथ अभद्रता भी की जाती है। इतना ही नहीं दिलचस्प बात तो यह भी है कि इन प्राइवेट बस संचालकों के दबंग ऐजेंट दिल्ली के बीच चलने वाली रोडवेज बसों में बैठी सवारियों को दबंगई के बल पर जबरन उतार कर अपनी प्राइवेट बसों में बैठा लेते हैं और रोडवेज बस के चालकों परिचालकों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर यह दबंग उनके साथ भी अभद्रता पर उतारू हो जाते हैं आए दिन वाद विवाद की स्थिति आने से सदैव किसी बड़े विवाद की आशंका बनी रहती है।इन प्राइवेट बसों के संचालन से परिवहन विभाग के राजस्व को प्रतिदिन हजारों रुपए का चूना लग रहा है। ऐसा नहीं है कि इस बात की जानकारी एआरटीओ व पुलिस प्रशासन को नहीं है बल्कि यह सब जानते हुए भी वह चुप्पी साधे हुए हैं जिससे चर्चा आम है कि यह अवैध बस संचालक पुलिस व एआरटीओ को मोटी रकम दे रहे हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस व एआरटीओ ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है, कि जानकारी मिली है जल्द अवैध बसों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم