Top News

वर्तमान जिला पंचायत सदस्य सपा नेता धर्मेंद्र यादव की लगातार औरैया व इटावा पुलिस तलाश जारी रखे है,अब तक 46 लोगो को पकड़ा है

उत्तर प्रदेश न्यूज21/ऑल इंडिया प्रेस एसोसिएशन
औरैया/इटावा। इटावा जिला जेल से पांच जून को जमानत पर छूटने के बाद समर्थकों के साथ 200 वाहनों के काफिले के साथ जुलूस निकालने वाला औरैया जिले का सपा नेता धर्मेंद्र यादव अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। इटावा पुलिस की आठ टीमों के साथ औरैया पुलिस भी 25 हजार रुपये के इनामी सपा नेता की तलाश में छापेमारी कर रही है। औरैया में पुलिस ने पांच और समर्थकों को हिरासत में लेकर एक गाड़ी बरामद की है। इटावा पुलिस आगरा, फीरोजाबाद, कानपुर देहात, जालौन व मध्य प्रदेश के भिंड में भी छापेमारी कर रही है। अब तक की कार्रवाई में इटावा से 28 और औरैया से 14 वाहन बरामद हुए है। इटावा से 34 व औरैया से 12 आरोपित पकड़े गए हैं।
दिबियापुर थाना प्रभारी रामसहाय के नेतृत्व में मंगलवार तड़के पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से आनंद कुमार निवासी हर्राजपुर, मो. तौफीक निवासी देहगांव, वीरपाल निवासी गौरी गंगा प्रसाद, अमित कुमार और शिवराम सिंह निवासी कमालपुर को पकड़ा। एक कार भी जब्त की। एसपी औरैया अपर्णा गौतम ने बताया कि पांचों आरोपितों को इटावा पुलिस के सिपुर्द कर दिया गया है। इधर, एसएसपी इटावा डाॅ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को चार और गाड़ियां बरामद की हैं। इटावा से बरामद गाड़ियों की अब 28 हो गई है। काफिले में शामिल रहीं जिले की 20 और गाडिय़ों के बारे में पता लगाया जा रहा। पुलिस ने मंगलवार को जुलूस में शामिल लोगों के यहां छापेमारी की, मगर घरों पर नहीं मिले। जुलूस में औरैया जिले की भी ज्यादातर गाड़ियां थीं, जिनकी जांच वहां की पुलिस कर रही है। उधर, सपा नेता के आत्मसमर्पण की संभावना पर सोमवार को की गई कचहरी की मजबूत घेराबंदी हल्की कर दी गई है। कचहरी जाने वाले रास्तों पर पुलिसबल तो था, लेकिन लोगों को वाहन ले जाने की पूरी छूट थी।
यह है मामला: धर्मेंद्र यादव औरैया में सपा युवजन सभा का जिलाध्यक्ष है। वह गैंगस्टर एक्ट का आरोपित है। डीएम ने उस पर जिलाबदर की कार्रवाई की थी। पंचायत चुनाव के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इटावा जिला जेल में बंद रहकर उसने औरैया के भाग्यनगर विकासखंड की चतुर्थ सीट से जिला पंचायत सदस्य चुनाव जीता। पांच जून को जमानत पर बाहर निकलते ही लंबे-चौड़े काफिले और समर्थकों के साथ हाईवे पर जुलूस निकाला, जिसका पुलिस को पता तक नहीं चला। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस तुरंत हरकत में आई। इटावा के सिविल लाइन थाने में मुकदमा किया गया। जांच में पुलिस की चूक मिलने पर इटावा में दो इंस्पेक्टर समेत सात पुलिसकर्मी जबकि औरैया में दो दारोगा निलंबित किए जा चुके हैं।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم