उत्तर प्रदेश न्यूज21संवाददाता
औरैया:सपा के अधिकृत जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी व सयुस जिलाध्यक्ष को गैंगेस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पेशी के दौरान बड़ी संख्या में सपाई जमा हो गए। जिनको हटाने के लिए पुलिस को लाठियां पटकनी पड़ी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। कोर्ट के आदेश पर आरोपित को जेल भेज दिया गया।
जिला पंचायत सदस्य की भाग्यनगर चतुर्थ सीट से सपा के अधिकृत प्रत्याशी और सयुस अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव दिबियापुर थाना क्षेत्र के ऊमरसाना गांव का निवासी है। गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।उसकी गिरफ्तारी की खबर पर बड़ी संख्या में सपाई थाने के बाहर जमा हो गए थे। सीओ सिटी ने सख्त रवैया अख्तियार करते हुए स्थिति संभाली थी। बुधवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की कड़ी चौकसी के बीच दिबियापुर थाने से उसे न्यायालय लाया गया। न्यायालय के बाहर भी काफी फोर्स तैनात रही। आरोपित धर्मेंद्र यादव की पेशी के दौरान न्यायालय के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिसे देखकर अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ लाठी पटक कर समर्थकों को दौड़ाया। उन्हें हिदायत दी कि इस ओर वह न आएं।गैंगस्टर कोर्ट में पेशी के बाद जब धर्मेंद्र यादव को बाहर लाया गया तब भी समर्थक उनके साथ चलने लगे। पुलिस की सख्ती के बाद समर्थक भाग खड़े हुए। इस दौरान औरैया, दिबियापुर, अछल्दा, सहायल एवं फफूंद सहित कई थानों का फोर्स न्यायालय परिसर के आसपास मुस्तैद रहा। मौके पर सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ भी मौजूद रहे। धर्मेद्र की गिरफ्तारी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। कोर्ट के आदेश पर उसे इटावा जिला कारागार भेज दिया गया है। इस दौरान सदर कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय, फफूंद थानाध्यक्ष आलोक दुबे, दिबियापुर थानाध्यक्ष राम सहाय पटेल, सहायल थानाध्यक्ष राजकुमार, अछल्दा थानाध्यक्ष मोहम्मद तारिक खान सहित कई थानों का फोर्स तैनात रहा।
एक टिप्पणी भेजें
If You have any doubts, Please let me know