उत्तर प्रदेश न्यूज21संवाददाता
कानपुर:जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए धर्मगुरु भी आगे आए और टीकाकरण कराकर समाज को संदेश दें कि टीकाकरण कराने से न सिर्फ खुद का कोरोना से बचाव होगा, बल्कि दूसरों को भी कोरोना से बचाव कर सकते हैं। इसी उद्देश्य के साथ मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पुरुष अस्पताल ,उर्सला के सभागार में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ बैठक आहूत की गयी । इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी भी उपस्तिथ रहे। मुख्य विकास अधिकारी का कहना है कि टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए सभी वर्गों को इसमें जोड़ने का काम किया जा रहा है। धर्मगुरुओं के माध्यम से भी संदेश दिया जाये कि टीकाकरण बिना किसी भेदभाव के कराएं । यह सबके लिए जरूरी है। इससे प्रतिरोधी क्षमता बढ़ती है। इसके साथ ही कोरोना से बचाव के उपाय भी अपनाने चाहिए। उन्होने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे जुमे की नमाज व उर्स आदि मौकों पर लोगों को टीकाकरण के बारे में बताएं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अनिल मिश्र ने उपस्थित धर्म गुरुओं से अनुरोध किया की वह जनपदवासियों से कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए अपने स्तर से अपील करें । कहा कि लोगों को समझाया जाये कि टीकाकरण को लेकर किसी तरह की भ्रांति न पालें । टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है। वह संदेश देना चाहते हैं कि समाज की सुरक्षा के लिए सभी टीकाकरण कराएं । हालांकि कोरोना से बचाव के लिए दूसरे उपाय जैसे मास्क पहनना, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना भी जरूरी है।
8 से 23 अप्रैल तक चलेगा अभियान, विशेष दिन निर्धारित
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कोरोना टीकाकरण अभियान को गति प्रदान के उद्देश्य से कुछ समूह बनाते हुए इनके लिए विशेष तिथियां निर्धारित की हैं। हालांकि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग वर्तमान में कभी भी सुविधानुसार टीका लगवा सकते हैं लेकिन समूह के मुताबिक निर्धारित तिथि में उनके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस सम्बन्ध में सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र के माध्यम से निर्देश दिए हैं | 8 और 9 अप्रैल को 45 वर्ष से अधिक उम्र के मीडियाकर्मी, विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालक, दुकानदार, व्यवसायी अपने नजदीकी केन्द्र पर जाकर टीकाकरण करवा लें। इसी तरह 10 अप्रैल को बैंक और इंश्योरेंस कम्पनी के अधिकारियों—कर्मचारियों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाएगी। 12, 13 व 14 अप्रैल को स्कूल और कॉलेजों के 45 वर्ष से अधिक उम्र के शिक्षकों को विशेष मौका दिया जाएगा। 15 और 16 अप्रैल को ऑटो रिक्शा चालक, रिक्शा चालक, रेहड़ी पटरी दुकानदारों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाएगी। 17 और 19 अप्रैल को जितने भी सरकारी कार्यालय हैं, उनके ऐसे अधिकारियों—कर्मचारियों को खास मौका दिया जाएगा, जिन्होंने अभी तक अपना टीकाकरण नहीं कराया है। 20 और 21 अप्रैल को अधिवक्ताओं, ज्यूडिशरी के अधिकारियों— कर्मचारियों के लिए भी टीकाकरण की विशेष व्यवस्था रहेगी। 22 और 23 अप्रैल को निजी प्रतिष्ठान, निजी कार्यालयों के लोगों को टीकाकरण करवाने का विशेष मौका दिया जाएगा।
إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know