Top News

थाना क्षेत्र के चिरली गांव में शनिवार को पेट्रोल डालकर जलाए गए किसान की हालत गंभीर

नवनीत गुप्ता उत्तर प्रदेश न्यूज21

कानपुर:भीतरगांव में जमीन पर कब्जे के विवाद में साढ़ थाना क्षेत्र के चिरली गांव में शनिवार को पेट्रोल डालकर जलाए गए किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं जलता बोरा डाल देने से झुलसी पत्नी और बच्चे का भी उर्सला में उपचार चल रहा है। उधर तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पीएसी व पुलिस तैनात रही। जमीन के विवाद में शनिवार देर शाम राजू सिंह राना ने खेत से लौट रहे पड़ोसी होरीलाल दर्जी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।बीचबचाव में आई पत्नी शांता और 13 साल के बेटे सत्यम पर भी जलता बोरा फेंक दिया था। पुलिस ने राजू, उसकी पत्नी मंजू सिंह और नाबालिग बेटे को गिरफ्तार कर जान से मारने के प्रयास के साथ कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित किसान के बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि होरीलाल की हालत बेहद गंभीर है। उसकी पत्नी और बेटे का शरीर भी कई जगह जला है। वहीं रविवार को तीनों आरोपी को माती कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।एक वर्ष पहले घर को आग लगाकर जला दिया था
चिरली गांव में एक वर्ष पहले भी आरोपी राजू सिंह राना ने पड़ोसी होरीलाल के घर को आग के हवाले कर दिया था। होरीलाल के बुजुर्ग पिता पृथ्वीपाल और मां रामरती बताती हैं कि करीब एक वर्ष पहले राजू सिंह राना ने इसी चार फीट जमीन को कब्जे में करने के लिए होरीलाल के मकान में रखे छप्पर में आग लगा दी जिससे घर-गृहस्थी जलकर राख हो गई थी। बात करते-करते बुजुर्ग पृथ्वीपाल डबडबाई आंखों से आरोपी राजू की पिछली करतूत की फोटो दिखाते हुए बताते हैं कि पिछली बार जब घर जलाया था तब घाटमपुर कोतवाली में एनसीआर दर्ज की गई थी। उसके बाद से राजू और बौखला गया था। चेहरे में दहशत लिए बुजुर्ग मां रामरती कहती हैं कि पिछले 10 वर्षों से राजू ने हमारे परिवार पर दहशत कायम कर रखी है।
दहशत में परिवार, घर में नहीं जला चूल्हा
चिरली गांव में शनिवार देर रात पापा, मां और भाई को आग से जलता देखने के बाद होरीलाल के छोटे-छोटे तीनों बच्चे बेहद दहशत में हैं। उनकी आंखों से आंसू नहीं थम रहे। घटना के वक्त तीनों भाई शिवम, हरिओम और शिवओम घर पर ही मौजूद थे।पापा से विवाद के बाद मम्मी व भइया ने आह बुझाने की कोशिश की तो उन लोगों ने उनके ऊपर भी जलता बोरा फेंककर जला दिया था। रविवार दोपहर तक घर में चूल्हा नहीं जला था। होरीलाल के तीन बच्चे अपने दादी बाबा के घर में हैं और उनकी देखरेख उनकी चाची कर रही हैं। लेकिन उनकी रट पापा मम्मी भाई को देखने पर लगी है।
चार फीट जमीन कब्जाने को 10 वर्षों से लगा था राजू
चिरली गांव में जिस चार फीट जमीन के कारण वारदात हुई, उसे राजू पिछले 10 वर्षों से हथियाने की फिराक में था। बुजुर्ग पिता पृथ्वीपाल बताते हैं कि करीब 20 वर्ष पहले इस जमीन को खरीदा थी। तीनों बेटों के बीच बंटवारे में होरीलाल को कच्चा पुराना मकान मिला था। अभी एक वर्ष पहले ही प्रधानमंत्री आवास के तहत होरीलाल ने अपना नया आवास बनवाया है। इसी आवास के ठीक बगल से कच्चे मकान में जाने के लिए होरीलाल ने चार फीट की गैलरी बना रखी है । इसी गैलरी को हथियाने के लिए आरोपी राजू सिंह राना पिछले 10 वर्षों से जबरन विवाद करता रहता है।
नाबालिग आरोपी ने रची थी साजिश
चिरली गांव में हुई जघन्य वारदात में आरोपी राजू सिंह राना के बेटे के बालिग होने में मात्र 2 दिन शेष बचे हैं। साढ़ पुलिस के मुताबिक घटना की पृष्ठभूमि नाबालिग आरोपी ने ही रची थी। पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने पुलिस को बताया कि लाठी में आगे की तरफ कपड़ा लपेटकर उसे पेट्रोल से गीला किया और बाइक से पेट्रोल निकाल कर होरीलाल के ऊपर फेंक दिया बाद में माचिस की तीली से लाठी में आग लगाकर होरीलाल को आग के हवाले कर दिया।घटना में सम्मिलित राजू की पत्नी मंजू ने साक्ष्य मिटाने का पूरा प्रयास किया और घटना के बाद आनन फानन घर छोड़कर बेटे के साथ सचैली तक चली गई थी। लेकिन साढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मंजू और बेटे को गिरफ्तार कर लिया। वहीं खेतों की तरफ से भागते राजू सिंह राना को भी धर दबोचा। साढ़ थानाध्यक्ष प्रभुकांत ने बताया कि आरोपी राजू सिंह राना, पत्नी मंजू सिंह व उनके नाबालिग बेटे के खिलाफ जान से मारने के प्रयास के साथ कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को माती कोर्ट में पेश किया गया।
विधायक सांगा ने उर्सला पहुंच पीड़ित का जाना हाल
चिरली गांव में पेट्रोल डालकर आग से जिंदा जलाने की कोशिश में गंभीर घायल होरीलाल को देखने रविवार को क्षेत्रीय विधायक उर्सला अस्पताल पहुंचे । बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने घटना के बारे में अस्पताल में झुलसे पति के साथ मौजूद पत्नी शांता से बात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सांगा ने बताया कि चिरली की घटना जघन्य अपराध है।पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से होरीलाल का बेहतर उपचार करने का आग्रह कर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद भी दी। उन्होंने डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह से तीनों आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही पीड़ित परिवार की मदद के लिए जिलाधिकारी से भी आग्रह किया।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم