Top News

औरैया में प्रभावी ढंग से कुपोषण को दूर करने के होंगे उपाय!

उत्तर प्रदेश न्यूज21 ब्यूरो रिपोर्ट
प्रभावी ढंग से कुपोषण को दूर करने के होंगे उपाय
सबल एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए बचपन का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। कुपोषण किसी भी राष्ट्र के लिए अभिशाप के समान है। इसी कुपोषण को दूर करने के लिए राष्ट्रीय पोषण माह का सोमवार से शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने कलेक्ट्रेट से इस कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कुपोषण को जड़ से मिटाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह संपूर्ण सितंबर माह में चलेगा। इसका उद्देश्य 6 माह से 5 साल तक के बच्चों, गर्भवती, धात्री महिलाओं के कुपोषण को प्रभावी ढंग से दूर करना है। ताकि कुपोषण से होनी वाली बीमारियों व मृत्युदर को कम किया जा सके। इस अभियान के दौरान जिले में कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों, एनीमिया की शिकार महिलाओं, किशोरियों और बालिकाओं को चिन्हित कर पोषण वाटिका लगाने, पौष्टिक भोजन का सेवन करने, 6 माह तक शिशु को केवल स्तनपान कराने तत्पश्चात अन्य पौष्टिक आहार लेने के बारे में बताया जाएगा। साथ ही नियमित तौर पर उनकी देखरेख की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि कुपोषित बच्चों, महिलाओं के परिजनों से संपर्क करके उनको किचेन गार्डन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसमें सहजन का वृक्ष अवश्य लगाया जाए। यह अनेक गुणों से भरपूर है। तथा पौष्टिक आहार भी है। उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों, आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों में पोषण वाटिका, किचेन गार्डन लगाया जाए। पोषण माह के दौरान ऑनलाइन प्रतियोगिता, डिजिटल पोषण पंचायत, वेबिनार तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ ) शरद अवस्थी ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह-2020 दो मुख्य उद्देश्यों पर आधारित है। पहला अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित और उनकी मॉनिटरिंग करना, दूसरा किचन गार्डन को बढ़ावा देना। इस माह के दौरान धात्री माताओं को सुपोषण के प्रति जागरूक और उत्साहित किया जाएगा। उन्होंने बताया जनपद में इस समय शून्य से पांच वर्ष तक के करीब 251 अति कुपोषित बच्चे हैं। और 4,519
बच्चे कुपोषित चिह्नित किए गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग से सीडीपीओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Post a Comment

If You have any doubts, Please let me know

أحدث أقدم