संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला ट्रक चालक का शव पुलिस ने जांच शुरू की
उत्तर प्रदेश न्यूज 21 ब्यूरो रिपोर्ट
रसूलाबाद कानपुर देहात:रसूलाबाद थाना क्षेत्र के निभू गांव में हाथ व पैर बंधे ट्रक चालक का शव पेड़ पर फांसी से लटका मिला। हत्या मानकर चल रही पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से मौत होने की पुष्टि पर उलझ गई है। पुलिस और डाक्टर समेत सभी चक्कर में हैं कि आखिर कोई भी व्यक्ति हाथ व पैर बांधकर फांसी कैसे लगा सकता है। स्वजन के भी यह बात गले नहीं उतर रही है। पुलिस हत्या के बिदु पर पड़ताल कर रही है।
रसूलाबाद थानांतर्गत निभू निवासी श्याम सुंदर पाल का 25 वर्षीय ट्रक चालक बेटा संदीप पाल लॉकडाउन से घर पर ही था। शुक्रवार शाम छह बजे वह मवेशियों को चारा देने के बाद घर से निकले, लेकिन रात भर नहीं लौटे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने निभू गांव से कठिउरा जाने वाले मार्ग पर जामुन के पेड़ पर शव लटका देखा। हाथ गमछे से और पैर रस्सी से बंधे थे। साथ में मफलर से गले में फंदा लगा था। एएसपी अनूप कुमार ने सीओ रामशरण गौतम, थाना प्रभारी सुखबीर व फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड के साथ जायजा लेकर साक्ष्य इकट्ठा किए। हालात देखकर सभी ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई। शनिवार शाम को पोस्टमार्टम ने हत्या की पूरी कहानी ही उलट दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से मौत की बात सामने आने से पुलिस व परिवार के साथ ग्रामीण भी हैरान हैं। वैसे, स्वजन ने अभी तक किसी पर शक नहीं जताया है। पिता श्यामसुंदर, मां मालती व भाई कुलदीप का रो-रोकर हाल खराब रहा। पिता ने हत्या कर शव को लटकाने की बात कही है। थाना प्रभारी सुखबीर यादव ने बताया कि हाथ-पैर भले बंधे थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से मौत की पुष्टि हुई है। किसी के हाथ पैर बांधकर फांसी लगाने के सवाल का जवाब वह भी नहीं दे सके। कहा कि हत्या के बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है
नहीं मिला संदीप का मोबाइल फोन
संदीप का मोबाइल फोन उसके पास से नहीं मिला है। इसके साथ जिस मफलर से फंदा लगा था, वह भी उसका नहीं है। ऐसे में पुलिस अब सीडीआर व लोकेशन के जरिए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी है।
दो व्यक्तियों के पैर के निशान मिले
घटनास्थल पर दो व्यक्तियों के पैर के निशान भी मिले हैं। इससे उन्हीं दोनों पर संदीप के हाथ-पैर बांधकर फांसी पर लटकाने का शक है। लटकते शव की जमीन से ऊंचाई मात्र छह से 10 इंच के बीच रही होगी, जो उसे लटकाने के संकेत दे रहा है।
औरैया में होनी थी शादी
संदीप का विवाह अप्रैल में भूलपुरवा मल्हौसी औरैया में होना था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से शादी टल गई थी। जल्द ही शादी की बात घर में चल रही थी।

إرسال تعليق
If You have any doubts, Please let me know